भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों टी20 वर्ल्ड कप में अपने करियर की बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं. शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान आज (15 फरवरी) कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले में मैदान पर उतरने को तैयार हैं, जहां एक बार फिर उनकी आक्रामक बल्लेबाजी पर सबकी निगाहें टिकी होंगी.
इसी बीच उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. शादी को लेकर चल रही अटकलों के बीच परिवार की ओर से अब एक बड़ा और स्पष्ट संदेश सामने आया है. ईशान के दादा अनुराग पांडे ने बेबाकी से कहा कि परिवार ईशान के हर फैसले में उनके साथ खड़ा है- वह जिससे भी शादी करना चाहें, उन्हें पूरी तरह मंजूर होगा.
दादा ने साफ शब्दों में कहा, 'ईशान जिससे भी शादी करना चाहेगा, हमें स्वीकार है. बच्चों की खुशी ही सबसे अहम होती है. अंतिम फैसला उसी का होगा और हम उसके साथ हैं.' यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ समय से ईशान के रिलेशनशिप को लेकर चर्चाएं तेज थीं.
... कौन हैं अदिति
बातचीत के दौरान दादा ने यह भी बताया कि अदिति नाम की एक युवती ईशान के जीवन में खास जगह रखती हैं. उनके मुताबिक, अदिति जयपुर की रहने वाली हैं और पेशे से मॉडल हैं. इतना ही नहीं, वह मिस इंडिया प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रह चुकी हैं.
दादा ने मुस्कुराते हुए एएनआई से एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि अदिति ने उनका एक इंटरव्यू देखा था और उनकी खूब तारीफ की थी- दादा ने हंसते हुए बताया... वो ईशान से कह रही थी कि आपके बाबा अभी भी बहुत सुंदर लगते हैं, उनका चेहरा चमकता है... . इस हल्की-फुल्की बातचीत ने माहौल को और दिलचस्प बना दिया.
परिवार का पूरा समर्थन
परिवार का रुख पूरी तरह स्पष्ट है- ईशान अपनी जिंदगी के फैसले खुद लें और परिवार उन्हें पूरा समर्थन देगा. दादा ने कहा, 'उसे जो मन होगा वही करेगा. हम एक्सेप्ट करने के लिए तैयार हैं. हमें कोई फिक्र नहीं है.उसके बड़े भाई ने कहा कि हम उसी से शादी करेंगे.. पल्लवी से तो हमने एक्सेप्ट कर लिया.'
यह बयान आधुनिक सोच और परिवार के खुले नजरिए को दर्शाता है. क्रिकेट जैसे ग्लैमरस और दबाव भरे करियर में निजी जीवन को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन ईशान के परिवार ने साफ कर दिया है कि वे किसी भी तरह के दबाव में नहीं हैं.
फैन्स के बीच चर्चा तेज
ईशान किशन युवा क्रिकेटरों में सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं. मैदान पर उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के साथ-साथ उनका निजी जीवन भी फैंस की दिलचस्पी का विषय रहता है. ऐसे में शादी को लेकर आया यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ईशान जल्द ही अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप देंगे या फिलहाल क्रिकेट पर ही पूरा फोकस बनाए रखेंगे. हालांकि एक बात साफ है- जब भी वह जीवन की नई पारी शुरू करेंगे, परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा होगा.
क्रिकेट के मैदान पर शानदार पारियां खेलने वाले ईशान कब अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी पारी खेलेंगे, यह देखने का इंतजार फैन्स बेसब्री से कर रहे हैं.
aajtak.in