IPL में मेगा डील... मित्तल फैमिली ने 15,660 करोड़ रुपये में खरीदी राजस्थान रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स को मित्तल फैमिली और अदार पूनावाला ने खरीद लिया है. इस बड़े अधिग्रहण के साथ अब राजस्थान रॉयल्स एक नए युग में प्रवेश करने जा रही है, जहां ग्लोबल निवेश और नए विजन के साथ टीम को आगे ले जाने की तैयारी है.

Advertisement
राजस्थान रॉयल्स 2008 में आईपीएल चैम्पियन बनी थी. (Photo: PTI) राजस्थान रॉयल्स 2008 में आईपीएल चैम्पियन बनी थी. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:56 PM IST

आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) को लेकर एक बड़ी कारोबारी डील सामने आई है. उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल के नेतृत्व में मित्तल फैमिली ने अदार पूनावाला के साथ साझेदारी में राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए समझौता कर लिया है. 

इस सौदे की कुल वैल्यू लगभग 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब ₹15,660 करोड़) बताई जा रही है. इसमें सिर्फ आईपीएल टीम ही नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स (Paarl Royals) और कैरेबियन प्रीमियर लीग की टीम बारबाडोस रॉयल्स (Barbados Royals) भी शामिल हैं. पहले ये खबर आई थी कि काल सोमानी के नेतृत्व वाले अमेरिकी समूह ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी खरीदी है, लेकिन उस डील पर फाइनल मुहर नहीं लग पाई.

Advertisement

इस डील के पूरा होने के बाद मित्तल फैमिली के पास लगभग 75% हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला करीब 18% हिस्सेदारी रखेंगे. बाकी करीब 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी, जिसमें मनोज बडाले भी शामिल हैं. बडाले टीम से जुड़े रहेंगे और फ्रेंचाइजी के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.

BCCI से अभी नहीं मिली है मंजूरी
हालांकि, यह डील अभी पूरी तरह से फाइनल नहीं हुई है. इसे भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI), कम्पटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) और IPL गवर्निंग काउंसिल समेत अन्य नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलनी बाकी है. उम्मीद है कि यह प्रक्रिया 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरी हो जाएगी.

डील के बाद लक्ष्मी निवास मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बदाले राजस्थान रॉयल्स के बोर्ड में शामिल होंगे. लक्ष्मी मित्तल ने इस मौके पर कहा कि उनका राजस्थान से गहरा जुड़ाव है और क्रिकेट उनके दिल के बेहद करीब है, इसलिए राजस्थान रॉयल्स से बेहतर कोई टीम नहीं हो सकती थी.

Advertisement

वहीं आदित्य मित्तल ने आईपीएल को दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग में से एक बताते हुए कहा कि वह इस टीम का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. अदार पूनावाला ने भी इस निवेश को लेकर खुशी जताई और कहा कि राजस्थान रॉयल्स एक मजबूत विरासत वाली फ्रेंचाइजी है, जिसे वह आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement