भारतीय और पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहस कोई नई बात नहीं है. दोनों देशों के क्रिकेट फैंस छोटी-छोटी बातों पर भिड़ जाते हैं. सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ. दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के एक ट्वीट पर भिड़ गए.
दरअसल, आईसीसी ने बलूचिस्तान के ग्वादर स्टेडियम की तारीफ करते फोटो को ट्वीट किया. इसपर भारतीय फैंस ने जवाब देते हुए धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम की फोटो को ट्वीट कर दिया. कुछ ने केरल के पेरिनतलमण्णा के केसीए स्टेडियम का भी जिक्र कर दिया.
क्या है पूरा मामला
आईसीसी ने ग्वादर स्टेडियम की तस्वीरें ट्वीट कीं और लिखा कि बलूचिस्तान के ग्वादर क्रिकेट स्टेडियम से खूबसूरत स्टेडियम हमें दिखाएं. हम इंतजार करेंगे. आईसीसी के इस ट्वीट के बाद कुछ भारतीय प्रशंसकों ने भारत के विभिन्न खूबसूरत स्टेडियमों की तस्वीरों को ट्वीट किया.
ज्यादातर भारतीय फैंस ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के स्टेडियम की तस्वीर को ट्वीट किया. इसके बाद भारतीय और पाकिस्तानी प्रशंसक ट्विटर पर कमेंट करने में व्यस्त हो गए.
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान दोनों टीमों के फैंस के बीच स्टेडियम में तो अपने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करने को लेकर जंग तो रहती है, लेकिन स्टेडियम के अलावा सोशल मीडिया पर भी दोनों देशों के फैंस एक-दूसरे को पछाड़ने से पीछे नहीं हटते. आईसीसी के ट्वीट के बाद दोनों देशों के फैंस जिस तरह से भिड़े, वो इसका ताजा उदाहरण है.
aajtak.in