भारत में पहली बार बाइलैटरल टी-20 सीरीज जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच ने कहा है कि भारत में कोई भी सीरीज जीतना बेहद खास है. ऑस्ट्रेलिया ने विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 113) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए दूसरे और अंतिम टी-20 क्रिकेट मैच में भारत को सात विकेट से हरा दिया.
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर ली. मेहमान टीम ने पहला मैच भी तीन विकेट से जीता था. फिंच ने मैच के बाद कहा, 'भारत के खिलाफ भारत में किसी भी तरह की सीरीज जीतना बेहद खास है. मैक्सवेल ने शानदार पारी खेली. मैं यहां एडम जाम्पा का भी उल्लेख करना चाहूंगा, जिन्होंने इस विकेट पर बेहतरीन गेंदबाजी की.'
उन्होंने कहा, 'हम विश्व कप के लिए पिछले 10-11 महीनों से टीम का निर्माण कर रहे हैं. इस दौरान कुछ निराशा भी हाथ लगी है. लेकिन, सबसे बड़ी बात यह है कि हमने उस समय से लेकर अब तक बहुत सुधार किया है.' बता दें कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए दूसरे और निर्णायक टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 7 विकेट से मात देकर दो मैचों की टी-20 सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है.
कोहली-धोनी पर भारी पड़े मैक्सवेल, AUS ने 2-0 से जीती सीरीज
कंगारू टीम ने भारत को विशाखापत्तनम में खेले गए पहले टी-20 मैच में 3 विकेट से शिकस्त दी थी. इसके बाद अब मेहमान टीम ने बेंगलुरु में खेले गए निर्णायक टी-20 मैच में भारत को 7 विकेट से हरा कर पहली बार इस देश में टी-20 सीरीज जीती है. टीम इंडिया आखिरी बार अपनी ही धरती पर टी-20 सीरीज 4 साल पहले हारी थी. 2015 में साउथ अफ्रीका ने भारत को तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 से शिकस्त दी थी.
इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने 11 साल बाद भारत को किसी बाइलैटरल टी-20 सीरीज में शिकस्त दी है. कंगारू टीम ने आखिरी बार भारत को 2008 में ऑस्ट्रेलिया में हुई एक मैच की टी-20 सीरीज में 1-0 से मात दी थी. दोनों देशों के बीच खेली गई 8 बाइलैटरल टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की यह दूसरी टी-20 सीरीज जीत है. 8 बाइलैटरल टी-20 सीरीज में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टी-20 सीरीज में जीत मिली है. वहीं 3 सीरीज ड्रॉ रहीं.
तरुण वर्मा