कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है.अब अमित पंघल जैस्मीन लैंबोरिया सागर और रोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर बॉक्सिंग में भारत के सात मेडल पक्के कर दिए हैं. अमित ने गुरुवार को पुरुषों के 51 किलोग्राम फ्लाइवेट वर्ग में स्कॉटलैंड के लेनन मुलिगन को सर्वसम्मति के आधार पर 5-0 से मात दी. वहीं जैस्मीन लैंबोरिया ने 60 किलो भारवर्ग में न्यूजीलैंड की ट्रॉय गार्टन को 4-1 से मात दी. बाद में सागर और रोहित टोकस ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली
पहले राउंड में एक जज द्वारा अमित पंघल के खिलाफ 9-10 से दिए फैसले को छोड़ दें, तो हर राउंड में यह भारतीय मुक्केबाज ने अपने विरोधी खिलाड़ी पर हावी रहा. 26 साल के अमित ने इससे पहले राउंड-16 में भी 5-0 से मुकाबला जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी. इससे पहले वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन, नीतू घंघस और हुसामुद्दीन मोहम्मद भी सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल जीतना सुनिश्चित कर लिया था.
भारत के नाम अबतक इतने मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत को अबतक 20 मेडल मिले हैं जिसमें छह गोल्ड, सात सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे. खास बात यह है कि इसमें दस मेडल वेटलिफ्टिंग में आए हैं. वहीं जूडो में तीन मेडल जबकि लॉन बॉल्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और स्क्वॉश में भारत को एक मेडल मिला है.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के पदक विजेता
1. संकेत महादेव- सिल्वर मेडल (वेटलिफ्टिंग 55 KG)
2. गुरुराजा- ब्रॉन्ज मेडल (वेटलिफ्टिंग 61 KG)
3. मीराबाई चनू- गोल्ड मेडल (वेटलिफ्टिंग 49 KG)
4. बिंदियारानी देवी- सिल्वर मेडल (वेटलिफ्टिंग 55 KG)
5. जेरेमी लालरिनुंगा- गोल्ड मेडल (वेटलिफ्टिंग 67 KG)
6. अचिंता शेउली- गोल्ड मेडल (वेटलिफ्टिंग 73 KG)
7. सुशीला देवी- सिल्वर मेडल (जूडो 48 KG)
8. विजय कुमार यादव- ब्रॉन्ज मेडल (जूडो 60 KG)
9.हरजिंदर कौर- ब्रॉन्ज मेडल (वेटलिफ्टिंग 71KG)
10. वूमेन्स टीम- गोल्ड मेडल (लॉन बॉल्स)
11. पुरुष टीम- गोल्ड मेडल (टेबल टेनिस)
12. विकास ठाकुर- सिल्वर मेडल (वेटलिफ्टिंग 96 KG)
13. मिक्स्ड टीम- सिल्वर मेडल (बैडमिंटन)
14. लवप्रीत सिंह- ब्रॉन्ज मेडल (वेटलिफ्टिंग 109 KG)
15. सौरव घोषाल- ब्रॉन्ज मेडल (स्क्वॉश)
16. तूलिका मान- सिल्वर मेडल (जूडो)
17. गुरदीप सिंह- ब्रॉन्ज मेडल (वेटलिफ्टिंग 109+ KG)
18. तेजस्विन शंकर- ब्रॉन्ज मेडल (हाई जम्प)
19. मुरली श्रीशंकर- सिल्वर मेडल (लॉन्ग जंप)
20. सुधीर- गोल्ड मेडल (पैरा पावरलिफ्टिंग)
अमित के नाम यह रिकॉर्ड
26 साल के अमित पंघल बॉक्सिंग वर्ल्ड चैम्पियनशिप में सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष मुक्केबाज हैं. अमित के अलावा छह भारतीय पुरुष मुक्केबाजों ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में कांस्य जीता है. विजेंद्र सिंह ने 2009 में यह कारनामा किया था जबकि विकास कृष्ण ने 2011 और शिवा थापा ने 2015 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था. इसके अलावा गौरव विधूड़ी, मनीष कौशिक और आकाश कुमार भी वर्ल्ड चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज हासिल कर चुके हैं.
aajtak.in