पटना के खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक मुस्तफापुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तस्कर कल्लू पासवान को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से कुल 4.846 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसमें 2.028 किलोग्राम हेरोइन और 2.82 किलोग्राम ब्राउन शुगर शामिल है. बरामद मादक पदार्थ काले रंग के प्लास्टिक के झोले में रखा हुआ था. वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 14 मार्च को यह कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया. बरामद हेरोइन और ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये बताई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की संपत्ति व बैंक खातों की भी जांच की जा रही है.