धौलपुर जिले की घोंसला विहार कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर बुधवार को हालात तनावपूर्ण हो गए. नगर परिषद धौलपुर की टीम जब जेसीबी मशीन के साथ बंद कच्चे नाले को खुदवाने पहुंची, तो कॉलोनी में दो गुट आमने-सामने आ गए. एक पक्ष जलभराव से राहत के लिए नाला खुदाई की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध करने लगा. विरोध के दौरान कई महिलाएं जेसीबी मशीन के सामने बैठ गईं.