Purse Vastu Tips: क्या आपको भी लगता है कि पैसा आता तो है लेकिन टिकता नहीं? कई बार इसकी वजह हमारी छोटी-छोटी आदतें होती हैं, खासकर पर्स से जुड़ी. वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर पर्स में कुछ खास चीजें सही तरीके से रखी जाएं तो धन का प्रवाह बेहतर हो सकता है और खर्चों पर भी कंट्रोल आता है. सबसे पहले यह ध्यान रखें कि आपका पर्स साफ-सुथरा और अच्छी स्थिति में होना चाहिए. फटा हुआ, पुराना या गंदा पर्स नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है. अगर आपका पर्स खराब हो गया है या बहुत पुराना हो चुका है, तो उसे समय पर बदल देना बेहतर माना जाता है.
पर्स को स्टोर रूम न बनाएं
कई लोग अपने पर्स में बेकार के कागज, पुराने बिल या ढेर सारे विजिटिंग कार्ड भरकर रखते हैं. वास्तु के मुताबिक, ऐसा करना सही नहीं है. पर्स में केवल वही चीजें रखें जो आपके काम की हों. अनावश्यक सामान रखने से पर्स में नेगेटिविटी बढ़ती है और धन टिकने में दिक्कत हो सकती है. तो आइए पंडित प्रवीण मिश्र से जानते हैं कि पर्स में क्या शुभ चीजें रखनी चाहिए.
पर्स में जरूर रखें ये 5 चीजें
1. हल्दी वाले पीले चावल (अक्षत)
वास्तु शास्त्र के अनुसार, धन वृद्धि और फिजूलखर्ची को नियंत्रण करने के लिए पर्स में थोड़े से साबुत चावल हल्दी से रंगकर गुरुवार के दिन रखें. इन्हें कागज या कपड़े में लपेटकर रखें. माना जाता है कि यह उपाय पैसों से जुड़ी समस्या खत्म हो जाएगी.
2. चांदी का छोटा टुकड़ा
सोमवार के दिन पर्स में एक छोटा सा चौकोर चांदी का टुकड़ा रखें. यह सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने और आर्थिक स्थिरता लाने में सहायक माना जाता है.
3. मां लक्ष्मी की तस्वीर
शुक्रवार के दिन पर्स में मां लक्ष्मी की छोटी और साफ तस्वीर रखें. ध्यान रखें कि फोटो मुड़ी हुई न हो. यह धन को आकर्षित करने का प्रतीक माना जाता है.
4. गोमती चक्र
गुरुवार के दिन पर्स में एक छोटा गोमती चक्र रखना शुभ माना जाता है. इससे सैलरी व आय बढ़ने और कर्ज से राहत मिलने की संभावना बनी रहती है.
5. दो हरी इलायची
बुधवार के दिन पर्स में दो हरी इलायची रखें. यह व्यापार, लेन-देन और धन आकर्षण के लिए शुभ मानी जाती है.
पर्स का रंग भी है महत्वपूर्ण
राशि के अनुसार पर्स का रंग चुनना भी लाभकारी माना जाता है.
मेष और वृश्चिक राशि वाले लाल और मरून रंग के पर्स का इस्तेमाल करें.
वृषभ और तुला राशि वाले पिंक और किसी हल्के रंग के पर्स का इस्तेमाल करें.
मिथुन और कन्या राशि वाले पीला और काले रंग के पर्स का इस्तेमाल करें.
कर्क राशि वाले हल्के रंग (पिंक, येलो, लाइट ब्राउन) के पर्स का प्रयोग करें.
सिंह राशि वाले लाल या मरून रंग के पर्स का प्रयोग करें.
धनु और मीन राशि वाले पीला, गोल्डन और ब्राउन रंग के पर्स का इस्तेमाल करें.
मकर और कुंभ राशि वाले काले रंग के पर्स का इस्तेमाल करें.
ये चीजें पर्स में रखने से बचें
वास्तु शास्त्र के अनुसार, पर्स में बेकार के कागज और पुराने बिल न रखें. इनके अलावा, फटे-पुराने नोट, जरूरत से ज्यादा कार्ड और बहुत ज्यादा सिक्के रखने से भी बचें.
पर्स से जुड़ी जरूरी सावधानियां
वास्तु शास्त्र के मुताबिक, पब्लिक जगहों पर बार-बार पर्स निकालकर दिखाने से बचें. ऐसा करने से नजर दोष लग सकता है. साथ ही, अपने पर्स को अनजान लोगों के हाथ में देने से भी बचना चाहिए.
aajtak.in