Vastu Tips: घर की अलमारियां सिर्फ सामान रखने की जगह नहीं होतीं, बल्कि इन्हें बचत और सुरक्षा का प्रतीक भी माना जाता है. ज्योतिष के अनुसार, अलमारियों को मुख्य रूप से शनि, शुक्र और बृहस्पति के प्रभाव से जोड़कर देखा जाता है. अलग-अलग जगह पर रखी अलमारियों का संबंध अलग ग्रहों से बताया गया है. यदि घर की अलमारियों को व्यवस्थित तरीके से रखा जाए तो इससे आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य की स्थिति को सुधारा जा सकता है. आइए इस बारे में विस्तार से जानते है.
कपड़ों की अलमारी
वास्तु के अनुसार, कपड़ों को रखने वाली अलमारी का संबंध मुख्य रूप से शुक्र ग्रह से जुड़ा होता है. इसे व्यवस्थित और साफ रखने से शुक्र ग्रह का सकारात्मक प्रभाव घर में बना रहता है. कपड़ों की अलमारी में कपड़ों को अच्छे से सहेजकर रखना चाहिए. इसमें आभूषण, पैसा या कॉस्मेटिक का सामान रखना उचित नहीं माना जाता है. हालांकि जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण कागजात इस अलमारी में रखे जा सकते हैं.
रसोई की अलमारी
रसोई में रखी अलमारी का संबंध सूर्य से होता है. आमतौर पर इसमें रसोई से जुड़े बर्तन, अनाज और अन्य सामग्री रखी जाती है. वास्तु के अनुसार, इस अलमारी को पूरी तरह बंद नहीं बनाना चाहिए, बल्कि इसमें पारदर्शी दरवाजे होना बेहतर परिणाम दे सकते हैं. रसोई की अलमारी में मसालों और अनाज को अलग-अलग स्थान पर रखना चाहिए. इसी तरह कांच के बर्तन और धातु के बर्तनों को भी अलग रखना उचित होता है.
धन रखने की अलमारी
जिस अलमारी में धन, आभूषण और कीमती सामान रखा जाता है, उसका संबंध मुख्य रूप से बृहस्पति ग्रह से जोड़कर देखा जाता है. वास्तु के अनुसार, धन रखने वाली अलमारी को घर के दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखना सबसे अच्छा माना जाता है. इसका दरवाजा उत्तर दिशा की ओर खुलना चाहिए. इससे घर में आर्थिक स्थिरता बनी रहती है और धन सरलता से प्राप्त होता है. ध्यान रहे कि इस अलमारी का रंग काला नहीं होना चाहिए. इस पर लाल रंग से स्वस्तिक बनाना शुभ होता है.
aajtak.in