Surya Gochar 2026: वैदिक ज्योतिष में सूर्य देवता को पिता का ही नहीं, बल्कि आत्मा, आत्मविश्वास, सम्मान, नेतृत्व और अनुशासन का भी प्रतीक माना जाता है. इसलिए जब भी सूर्य अपनी राशि बदलता है, तो उसका असर सभी राशियों के साथ-साथ दुनिया पर भी पड़ता है. द्रिक पंचांग के मुताबिक, इस समय सूर्य मीन राशि में स्थित है, लेकिन 14 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर यह मेष राशि में प्रवेश करेगा. मेष में सूर्य को उच्च का माना जाता है, यानी इस समय सूर्य अपनी पूरी ताकत में रहता है. यह स्थिति 15 मई 2026 सुबह 6 बजकर 28 मिनट तक रहेगी, इसके बाद सूर्य वृषभ राशि में चला जाएगा.
ज्योतिषियों के अनुसार, सूर्य के इस गोचर से लोगों के जीवन में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं. आत्मविश्वास बढ़ सकता है, फैसले लेने की क्षमता मजबूत हो सकती है और सरकारी कामों में भी लाभ मिल सकता है. हालांकि, इस दौरान गुस्सा, जल्दबाजी में निर्णय लेना और अहंकार भी बढ़ सकता है, इसलिए संभलकर चलना जरूरी है. तो आइए जानते हैं कि सूर्य के मेष राशि में प्रवेश करने से किन राशियों को लाभ होगा.
मेष राशि (Aries)
मेष राशि वालों के लिए सूर्य का यह गोचर काफी असरदार साबित हो सकता है. इस दौरान आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा. आप अपने फैसले मजबूती से ले पाएंगे. नौकरी करने वालों को काम के क्षेत्र में पहचान मिल सकती है. तरक्की के मौके भी बनेंगे. पढ़ाई से जुड़े लोगों को भी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. हालांकि, जल्दबाजी में कोई फैसला लेने से बचें, वरना नुकसान हो सकता है. व्यापार में आपकी योजनाएं सफल हो सकती हैं. मान-सम्मान में भी वृद्धि देखने को मिलेगी.
वृषभ राशि (Taurus)
वृषभ राशि के लोगों के लिए यह समय लाभ देने वाला हो सकता है. इस दौरान लंबी यात्रा के योग बन सकते हैं, जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी. जीवन में आराम बढ़ेगा. ससुराल पक्ष के साथ रिश्ते मजबूत हो सकते हैं. विदेश से जुड़े कामों में भी सफलता मिल सकती है. लेकिन सेहत का खास ध्यान रखें, छोटी-छोटी परेशानियां हो सकती हैं.
मकर राशि (Capricorn)
मकर राशि वालों के लिए यह गोचर अच्छे बदलाव लेकर आ सकता है. घर-परिवार में सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी. प्रॉपर्टी या वाहन से जुड़ा लाभ मिल सकता है. नौकरी में बदलाव या ट्रांसफर के संकेत हैं, जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं. करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे. पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है. आपके अंदर नेतृत्व क्षमता भी मजबूत होगी. परिवार के साथ रिश्ते बेहतर होंगे.
aajtak.in