Mangal Uday 2026: 26 मार्च 2026 यानी आज मंगल उदय होने जा रहा है. इस समय मंगल ग्रह कुंभ राशि में गोचर कर रहे हैं. ज्योतिष शास्त्र में मंगल को पराक्रम, ऊर्जा और साहस का कारक ग्रह माना जाता है. ऐसे में मंगल के उदय होने से कई राशियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे. आइए जानते हैं किन राशियों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा और बाकी राशि वाले क्या उपाय करें.
मेष राशि (Aries)
मेष राशि के स्वामी स्वयं मंगल हैं और यह गोचर आपकी राशि से 11वें भाव में हो रहा है, जो लाभ का स्थान माना जाता है. इस दौरान करियर और प्रोफेशन में सफलता के योग बनेंगे. जिन लोगों का प्रमोशन रुका हुआ है, उन्हें अच्छा समाचार मिल सकता है. नई नौकरी या करियर की शुरुआत करने वालों के लिए समय अनुकूल रहेगा. व्यापारियों को भी लाभ में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. रुका हुआ धन वापस मिलने के संकेत हैं. इस समय आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा. आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
उपाय: प्रतिदिन स्नान के बाद शांत मन से हनुमान चालीसा का पाठ करें और हनुमान जी के सामने बैठकर विधि-विधान से पूजा करें.
वृष राशि (Taurus)
मंगल आपकी राशि से 10वें भाव में उदित हो रहे हैं, जो कर्म और करियर का स्थान होता है. इस समय नौकरी और व्यापार दोनों में अच्छे अवसर मिलेंगे. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी और पदोन्नति या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. जो लोग नया काम शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए भी समय अनुकूल रहेगा. हालांकि, इस दौरान आपको अपने व्यवहार पर नियंत्रण रखना होगा, क्योंकि गुस्सा या एग्रेशन आपकी छवि को नुकसान पहुंचा सकता है.
उपाय: हर मंगलवार हनुमान जी को लाल फल अर्पित करें और जरूरतमंद लोगों में प्रसाद बांटें.
धनु राशि (Sagittarius)
धनु राशि से तीसरे भाव में मंगल उदित हो रहे हैं, जो पराक्रम और साहस का भाव माना जाता है. इस दौरान आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप अपने कामों को पूरे जोश के साथ पूरा करेंगे. रुके हुए कार्य पूरे होंगे. करियर में सफलता के अवसर मिलेंगे. बेरोजगार लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है. व्यापार करने वालों को लाभ होगा. इस समय की गई यात्राएं भी आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं.
उपाय: हर मंगलवार हनुमान मंदिर में सिंदूर अर्पित करें.
कुंभ राशि (Aquarius)
मंगल आपकी ही राशि में उदित हो रहे हैं, जिससे आपका आत्मविश्वास और ऊर्जा दोनों बढ़ेंगे. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत का पूरा फल मिलेगा. करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे. आपकी मैनेजमेंट स्किल मजबूत होगी और आप अपने काम को बेहतर तरीके से संभाल पाएंगे. व्यापारियों के लिए भी यह समय लाभकारी रहेगा, लेकिन आपको अपने स्वभाव में गुस्सा और चिड़चिड़ापन बढ़ने से रोकना होगा, नहीं तो संबंधों में तनाव आ सकता है.
बाकी राशियों के लिए उपाय
जिन राशियों का नाम ऊपर नहीं आया है, वे भी मंगल के इस शुभ प्रभाव का लाभ पा सकती हैं. इसके लिए आपको नियमित रूप से सुबह स्नान करने के बाद घर के मंदिर में बैठकर हनुमान जी का ध्यान करना चाहिए और हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए. इसके बाद आरती करें. अपने जीवन की परेशानियों को दूर करने की प्रार्थना करें. साथ ही हर मंगलवार हनुमान मंदिर जाकर बूंदी, लाल मिठाई या फल अर्पित करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों में प्रसाद बांटें. ऐसा करने से मंगल के शुभ प्रभाव से सभी राशियों को लाभ मिल सकता है.
aajtak.in