Kendra Trikon Yog 2026: वैदिक ज्योतिष के अनुसार ग्रह समय-समय पर अपनी चाल में बदलाव करते हैं, जिससे कई शुभ और खास योग बनते हैं. इनका असर व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ पूरे देश-दुनिया पर भी पड़ता है. द्रिक पंचांग के मुताबिक, 19 अप्रैल 2026 को शुक्र ग्रह अपनी ही राशि वृषभ में प्रवेश करने जा रहे हैं. शुक्र ग्रह को ज्योतिष में धन, ऐश्वर्य, प्रेम, विवाह, सुख-सुविधा और कला का प्रतीक माना जाता है. लकी राशियों के जातकों को रिश्तों में खुशी, यात्रा के अवसर और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी मिल सकती है.
कब बनेगा केंद्र त्रिकोण राजयोग?
द्रिक पंचांग के अनुसार, केंद्र त्रिकोण राजयोग 19 अप्रैल को दोपहर 3 बजकर 47 मिनट पर शुक्र के वृषभ राशि में प्रवेश करने से बनेगा. यह योग व्यक्ति के जीवन में तरक्की, धन लाभ, सुख-सुविधाएं और समाज में सम्मान दिलाने वाला माना जाता है. यह राजयोग जब बनता है तब कुंडली के केंद्र (1, 4, 7, 10) और त्रिकोण (1, 5, 9) भावों के स्वामी ग्रह आपस में संबंध बनाते हैं. इसे जीवन में सफलता, प्रसिद्धि और उन्नति दिलाने वाला योग माना जाता है.
इन राशियों को होगा लाभ
वृष राशि
वृष राशि के जातकों के लिए यह केंद्र त्रिकोण राजयोग काफी शुभ साबित हो सकता है, क्योंकि शुक्र आपकी ही राशि में प्रवेश कर रहे हैं. इस दौरान आपके व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ेगा और लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे. करियर और व्यापार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है. नए मौके भी मिल सकते हैं. आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं. रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है. प्रेम जीवन में मिठास बढ़ेगी. दांपत्य जीवन सुखद रहेगा. अविवाहित लोगों को अच्छे विवाह प्रस्ताव मिल सकते हैं. इस दौरान खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए बजट को संतुलित रखना जरूरी होगा.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह राजयोग करियर के लिहाज से काफी अच्छा माना जा रहा है. इस समय आपको नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत की सराहना होगी और आपकी छवि मजबूत बनेगी. समाज में मान-सम्मान और पहचान भी बढ़ सकती है. इस दौरान कुछ प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनने के योग हैं, जो भविष्य में आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं. बेरोजगार लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है, लेकिन इसके लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है. कार्यस्थल पर कुछ लोग आपसे ईर्ष्या कर सकते हैं, इसलिए अपने काम पर फोकस बनाए रखें. जल्दबाजी में फैसले लेने से बचें.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह राजयोग भाग्य का साथ दिलाने वाला साबित हो सकता है. इस दौरान आपके कई रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं और आपको मानसिक शांति मिलेगी. विदेश यात्रा या उच्च शिक्षा के योग बन रहे हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं. आर्थिक मामलों में भी सुधार देखने को मिल सकता है. आय के नए स्रोत बन सकते हैं. छोटी या लंबी यात्राएं भी हो सकती हैं, जो आपके लिए लाभकारी रहेंगी. इस दौरान सेहत का ध्यान रखना जरूरी है. पेट और त्वचा से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं. किसी को पैसा उधार देने से बचें.
aajtak.in