Guru Gochar 2026: वैदिक ज्योतिष में गुरु ग्रह को ज्ञान, भाग्य, समृद्धि और धन का कारक माना जाता है. जब गुरु अपनी राशि बदलते हैं तो उसका असर सभी राशियों पर देखने को मिलता है. 2 जून 2026 को गुरु मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. कर्क राशि में गुरु को उच्च का माना जाता है, इसलिए इस गोचर को खास महत्व दिया जाता है. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार इस बदलाव से कुछ राशियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं. आइए जानते हैं किन राशियों के लिए यह समय शुभ साबित हो सकता है.
मेष राशि
मेष राशि के लोगों के लिए भी यह गोचर लाभदायक माना जा रहा है. करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं और कामकाज में सफलता मिलने की संभावना है. जो काम लंबे समय से रुके हुए थे, वे धीरे-धीरे पूरे हो सकते हैं. शिक्षा से जुड़े लोगों को भी इस दौरान अच्छे परिणाम मिल सकते हैं.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए आर्थिक मामलों में सुधार देखने को मिल सकता है. निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं और आय के नए स्रोत बन सकते हैं. मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने की संभावना है. कुछ पुराने विवाद या उलझनें भी इस समय सुलझ सकती हैं. वाहन खरीदने की योजना भी बन सकती है.
कर्क राशि
गुरु का यह गोचर कर्क राशि वालों के लिए कई अच्छे अवसर लेकर आ सकता है. नौकरी और व्यापार से जुड़े लोगों को प्रगति के नए मौके मिल सकते हैं. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत की सराहना हो सकती है और वरिष्ठ अधिकारी भी आपके काम से संतुष्ट रह सकते हैं. परिवार में खुशियां बढ़ सकती हैं और बच्चों से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए यह समय अधूरे काम पूरे करने का अवसर दे सकता है. आय में वृद्धि के योग बन सकते हैं और किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है. साझेदारी से जुड़े कामों में भी सफलता मिलने की संभावना है. परिवार का माहौल भी पहले से बेहतर रह सकता है.
मकर राशि
मकर राशि के लोगों के लिए यह समय काफी अनुकूल रह सकता है. कामकाज में सफलता मिलने के संकेत हैं और नई नौकरी या नए अवसर मिल सकते हैं. किसी महत्वपूर्ण कार्य में बड़ी उपलब्धि मिलने की संभावना है. व्यापार से जुड़े लोगों के लिए कोई नई डील या बड़ा मौका भी सामने आ सकता है.
aajtak.in