उत्तराखंड के चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम में तेज बारिश, बर्फबारी और ठंड के बीच भक्त बाबा बद्री विशाल के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं. एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है. वहीं बद्रीनाथ में सर्दियों जैसी ठंड है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है. उत्तराखंड में चार धाम यात्रा शुरू हुए दो सप्ताह हो चुके हैं. बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से अब तक लगभग 2 लाख श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं. विपरीत मौसम की सभी चुनौतियों को पार करते हुए यात्रियों की आस्था यहां अटूट नजर आ रही है.
बता दें कि यहां सुबह मौसम सुहाना रहता है, लेकिन दोपहर बाद अचानक करवट बदल जाती है. बारिश शुरू हो जाती है और चोटियों पर बर्फ गिरने लगती है. फिर भी श्रद्धालु तैयार हैं. गर्म कपड़े, दस्ताने, टोपी, छाता और रेनकोट लेकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. उनकी आस्था के आगे मौसम का सारी सख्ती हल्की पड़ जाती है. बारिश हो या बर्फबारी छतरी, बरसाती की आड़ में भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं.
इस बार सुगम यात्रा और आसान दर्शन की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु संतुष्ट नजर आ रहे हैं. दर्शन के बाद अधिकांश यात्री अपनी यात्रा पूरी करके वापसी की तैयारी में लगे हैं. बताते चलें कि 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले गए थे. इसके बाद से ही बद्रीनाथ जाने वाली सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. धाम में पहुंचते ही हर तरफ श्रद्धालुओं का हुजूम दिखाई देता है. चाहे ब्रह्म कपाल हो, तप्त कुंड हो या फिर भगवान बद्रीनाथ का मंदिर परिसर. चारों तरफ जय बाबा बद्री विशाल, जय बद्री विशाल के जयकारे गूंज रहे हैं.
फेमस ड्रमर शिवमणि ने भी किए दर्शन
फेमस ड्रमर शिवमणि ने भी आज श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और पूजन-अर्चन की. इस अवसर पर उन्होंने धाम की दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की. दर्शन के बाद शिवमणि ने यहां की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी की. इस दौरान मंदिर के आगे शिवमणि ने अपने विश्व विख्यात ड्रमिंग स्टाइल से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कमल नयन सिलोड़ी