Chaitra Navratri 2026: इस साल चैत्र नवरात्र 19 मार्च से लेकर 27 मार्च तक रहने वाले हैं. इस साल चैत्र नवरात्र में देवी पालकी में सवार होकर आने वाली हैं. जबकि देवी की विदाई हाथी पर होगी. इन पवित्र दिनों में देवी के नौ स्वरूपों की पूजा होती है. कहते हैं कि नवरात्र में जो भक्त सच्ची श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं, उनके जीवन में कभी कोई समस्या नहीं होती है. हालांकि नवरात्र में कुछ खास गलतियां करने से बचना चाहिए.
1. घर की साफ-सफाई
नवरात्र में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखना चाहिए. नवरात्र शुरू होने से पहले घर की अच्छी तरह सफाई कर लें और व्रत का पारण होने तक इस स्वच्छता को बरकरार रखें. कूड़ा-कबाड़ या अनुपयोगी सामान रखने से नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ सकता है.
2. मांस-मदिरा
नवरात्र में सात्विकता बनाए रखना भी जरूरी है. इन नौ दिनों में प्याज और लहसुन जैसी किसी भी तामसिक चीज का सेवन नहीं करना चाहिए. मांस-मदिरा का तो ख्याल भी मन में नहीं लाना चाहिए. इन पवित्र दिनों में सात्विक भोजन करना ही उत्तम होता है.
3. बाल या नाखून काटना
नवरात्र के नौ दिन नाखून न काटने की सलाह दी जाती है. इन दिनों में बाल कटवाने या शेविंग कराने से भी परहेज किया जाता है. मान्यता है कि नवरात्र में ये काम करने से देवी रुष्ट हो सकती हैं. घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है.
4. चमड़े से बनी चीजें
नवरात्र के दौरान लेदर से बनी वस्तुएं जैसे बेल्ट, जूते, जैकेट या ब्रेसलेट पहनना उचित नहीं माना जाता. दरअसल, चमड़ा जानवरों की खाल से तैयार किया जाता है और यह धार्मिक दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है. इसलिए नवरात्र में ऐसी किसी भी चीज का प्रयोग करने से बचना चाहिए.
5. लड़ाई-झगड़ा
नवरात्र का समय देवी मां की पूजा और भक्ति के लिए समर्पित होता है. ऐसे में लड़ाई-झगड़ा या दूसरों के साथ वाद-विवाद में पड़ना अच्छा नहीं माना जाता है. मान्यता है कि गलत भाषा या व्यवहार से देवी मां अप्रसन्न हो सकती हैं. इसलिए इन दिनों झूठ बोलने, कलह करने और कटु शब्दों का प्रयोग करने से बचना चाहिए.
aajtak.in