राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल ने राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के लिए तीन प्रमुख शहरों के नाम बदलने की घोषणा की है. माउंट आबू का नाम अब आबूराज होगा. कामां का नाम कामवन और जहाजपुर का नाम यज्ञपुर किया जाएगा. मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि यह निर्णय स्थानीय जनभावनाओं और ऐतिहासिक तथ्यों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इन नाम परिवर्तनों के जरिए क्षेत्रों की प्राचीन पहचान को जिंदा करने का प्रयास किया गया है.
माउंट आबू को एक पवित्र तीर्थ स्थल के रूप में पहचान दिलाने के लिए आबूराज या अबूराज तीर्थ नाम का प्रस्ताव स्थानीय निकाय की तरफ से भेजा गया था. डीग जिले के कामां का नाम कामवन करने और पौराणिक संदर्भों के आधार पर जहाजपुर को यज्ञपुर के रूप में स्थापित करने की मांग भी सामने आई थी.
सांस्कृतिक विरासत के सम्मान में शहरों के नाम बदलने का फैसला
मुख्यमंत्री ने राजस्थान विधानसभा में यह भी घोषणा की कि अब विधायकों को सरकारी कर्मचारियों की तरह हर साल महंगाई भत्ता बढ़ेगा. सभी विधायकों को एक मोबाइल और एक टैबलेट दिया जाएगा. विधायकों के लिए विधायक आवास योजना भी लाई जाएगी.
60 साल से ऊपर पत्रकारों को 18 हजार पेंशन, आवास योजना भी आएगी
इसके अलावा 60 साल से अधिक आयु के पत्रकारों को अब 18 हजार रुपये पेंशन मिलेगी और उनकी विधवा पत्नी को 9 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी. पत्रकारों के लिए आवासन मंडल के जरिए आवास योजना भी लाई जाएगी. इसके साथ ही राजस्थान में गौ सेवा नीति 2026 लाने की घोषणा की गई है. जयपुर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का भी ऐलान किया गया है.
शरत कुमार