राजस्थान के कोटा शहर में बड़ा हादसा सामने आया है. जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई. घटना के समय बिल्डिंग में रेस्टोरेंट संचालित होने की जानकारी सामने आई है. बिल्डिंग गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया. रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर अंदर फंसे व्यक्ति को निकालने का प्रयास कर रही है. एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है. जिला कलेक्टर के मुताबिक, हादसे में सात लोग घायल हुए हैं.
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर मौके पर पहुंच गए हैं. वे राहत और बचाव कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि कोटा ओपरा हॉस्पिटल रोड पर मुरादाबादी नॉन वेज रेस्टोरेंट की बिल्डिंग नीचे गिरी है.
कब और कैसे हुआ हादसा?
शनिवार शाम करीब 8:45 बजे कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा विहार में एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को निकालना शुरू किया और अस्पताल भिजवाया. सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं.
स्पीकर ओम बिड़ला ने जताया दुख
कोटा में बिल्डिंग हादसे पर स्पीकर ओम बिड़ला ने दुःख जताया. स्पीकर राहत कार्यों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं. जिला कलक्टर व सिटी एसपी से भी ओम बिड़ला की बात हुई. उन्होंने राहत व बचाव कार्य को तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही घायलों के उचित उपचार के लिए भी निर्देश दिए. स्पीकर ओम बिड़ला के ओएसडी राजीव दत्ता भी मौके पर मौजूद हैं.
देर से रेस्क्यू पर लोगों में गुस्सा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रेस्क्यू के लिए जरूरी क्रेन लगभग डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, जिसके कारण शुरुआती बचाव कार्य की रफ्तार धीमी रही. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
दो मंजिला बताई जा रही बिल्डिंग
बताया जा रहा है कि गिरी हुई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था. दो मंजिल का काम लगभग पूरा हो चुका था और आगे का निर्माण जारी था. इसी इमारत में एक रेस्टोरेंट भी संचालित हो रहा था. हादसे के समय वहां कई ग्राहक मौजूद थे.
चेतन गुर्जर