जयपुर में LPG संकट से ऑटो चालकों में हाहाकार... गैस भरवाने के लिए सड़कों पर लगी कतारें

जयपुर में LPG गैस की किल्लत के कारण ऑटो चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गैस रिफिलिंग स्टेशनों के बाहर ऑटो की लंबी कतारें लग गई हैं और कई चालक रात से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. सप्लाई कम होने से घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे उनकी कमाई प्रभावित हो रही है और यातायात भी बाधित हो रहा है.

Advertisement
कमाई पर पड़ा असर.(Photo: Vishal Sharma/ITG) कमाई पर पड़ा असर.(Photo: Vishal Sharma/ITG)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:41 PM IST

जयपुर में इन दिनों एलपीजी (LPG) गैस की किल्लत ने आम लोगों के साथ-साथ ऑटो चालकों की परेशानी भी बढ़ा दी है. शहर के कई गैस रिफिलिंग स्टेशनों पर ऑटो चालकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. गैस भरवाने के लिए चालकों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है. हालात ऐसे बन गए हैं कि कई चालक अपनी बारी आने की उम्मीद में बीती रात से ही सड़कों पर लाइन लगाकर खड़े हैं.

Advertisement

शहर के अलग-अलग इलाकों में गैस रिफिलिंग स्टेशनों के बाहर ऑटो रिक्शा की लंबी-लंबी कतारें सड़कों के बीच तक पहुंच गई हैं. इन कतारों के कारण कई जगहों पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है. ऑटो चालकों का कहना है कि गैस की सप्लाई कम होने के कारण उन्हें कई-कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ, जयपुर, मुजफ्फरपुर... LGP शॉर्टेज के बीच रेल यात्रियों की थाली पर संकट!

घंटों इंतजार के बाद भी नहीं आ रही बारी

ऑटो चालकों ने बताया कि गैस भरवाने के लिए उन्हें पूरी रात से इंतजार करना पड़ रहा है. कई चालक रात से ही लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद सुबह तक भी उनकी बारी नहीं आई. लंबे इंतजार के कारण चालक दिनभर सवारी भी नहीं उठा पा रहे हैं.

Advertisement

चालकों का कहना है कि गैस भरवाने में हो रही देरी का सीधा असर उनकी रोज़ी-रोटी पर पड़ रहा है. आधा दिन लाइन में गुजर जाने के कारण वे काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी प्रभावित हो रही है.

अव्यवस्था से बढ़ा चालकों का गुस्सा

लंबे इंतजार और अव्यवस्था के चलते कई जगहों पर ऑटो चालकों का गुस्सा भी देखने को मिला. कुछ स्थानों पर अपनी बारी को लेकर चालक आपस में भिड़ गए. हालात को लेकर कई चालकों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी जताई.

ऑटो चालकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सामान्य की जाए ताकि उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. उनका कहना है कि वे रोज कमाकर खाने वाले लोग हैं और लंबा इंतजार उनकी कमाई पर सीधा असर डाल रहा है.

आर्थिक संकट की आशंका

ऑटो चालकों का कहना है कि अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उनके सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है. उनका कहना है कि रोजगार का मुख्य साधन ऑटो चलाना ही है और गैस नहीं मिलने पर काम करना मुश्किल हो रहा है.

फिलहाल शहर में गैस की कमी के चलते ऑटो चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. चालक प्रशासन से जल्द राहत मिलने और गैस सप्लाई बढ़ाने की उम्मीद लगाए हुए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement