राजस्थान के जयपुर में बेरहम लुटेरों ने चांदी के कड़ों के लिए क्रूरता की सभी हदें पार कर दीं. उन्होंने 108 साल की बुजुर्ग महिला के पैर काटे फिर चांदी के कड़े निकालकर फरार हो गए. इस घटना में महिला जमुना देवी के दोनों पैर कटकर अलग हो गए हैं. उन्हे आनन फानन में सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है.
मामला गलता गेट थाना इलाके के मीणा कॉलोनी का है. जानकारी के मुताबिक, लूट का शिकार हुई जमुना देवी घटना के वक्त घर पर अकेली थी. वह रात को अपनी बेटी के साथ सोई हुई थी. रविवार तड़के बेटी उठकर मंदिर चली गई. सुबह करीब साढ़े पांच बजे मौका देखकर लुटेरे जमुना देवी के घर में घुस गए और उसे घसीटकर बाहर की तरफ बने बाथरूम में ले गए. वहां उन्होंने बुजुर्ग महिला के पैरों में पहने हुए कड़े निकालने की कोशिश की लेकिन वे निकाल नहीं पाए.
घुटनों के नीचे से दोनों पैर काट डाले
इस पर लुटेरों ने क्रूरता की सभी हदें पार करते हुए धारदार हथियार से उसके घुटनों के नीचे से दोनों पैर काट डाले. फिर महिला के पैरों और हथियार को वहीं फेंक दिया और कड़े लेकर फरार हो गए. लुटेरों ने महिला के गले पर भी जोरदार वार किया. लहूलुहान हालत में महिला वहीं पर पड़ी तड़पती रही. बाद में उसकी बेटी और अन्य लोगों ने जमुना देवी को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा. लूट की वारदात की सूचना इलाके में आग की तरह फैल गई. इस पर वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई.
लुटेरों का अभी तक नहीं लगा कोई सुराग
सूचना पर गलता गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हुई महिला को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने जयपुर सिटी एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया. एफएसएल की टीम ने मौके से सबूत जुटाए. पुलिस को मौके से जमुना देवी के कटे हुए पैर और हथियार मिला है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी है. लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है. लुटेरों की संख्या कितनी थी इसका अभी पता नहीं चल पाया है.
शरत कुमार