राजस्थान के धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में रविवार को पार्वती नदी में नहाते समय बड़ा हादसा हो गया. विनतीपुरा ग्राम पंचायत के गड़ाईच गांव के पास बीहड़ क्षेत्र से गुजर रही पार्वती नदी में नहाते वक्त आधा दर्जन बच्चे गहरे पानी में चले गए. इस हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, रविवार को स्कूल की छुट्टी होने पर गांव के करीब एक दर्जन से अधिक बच्चे बकरियों को चराने और पानी पिलाने के लिए पार्वती नदी के बीहड़ क्षेत्र में गए थे. भीषण गर्मी के कारण बच्चे नदी किनारे कपड़े उतारकर नहाने लगे. इसी दौरान पैर फिसलने से आधा दर्जन बच्चे गहरे पानी में चले गए. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास पशु चरा रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.
यह भी पढ़ें: 1 मंच, 3 धर्म और 66 जोड़े... धौलपुर के सामूहिक विवाह में गरीब-अनाथ बेटियों की धूमधाम से हुई शादी
ग्रामीणों ने तुरंत तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीन बच्चे नदी के गहरे पानी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही सरपंच राजेश सिकरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई.
गोताखोरों की मदद से शवों का रेस्क्यू
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए और अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए. परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए.
डूबने से जिन बच्चों की मौत हुई, उनकी पहचान 14 वर्षीय सोनम पुत्री रघुवीर कुशवाहा, 14 वर्षीय निशु पुत्री भूरी सिंह कुशवाहा और 12 वर्षीय भूरा पुत्र रामवरन कुशवाहा के रूप में हुई. सोनम और निशु राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़ाईच में कक्षा आठवीं की छात्राएं थीं, जबकि भूरा कक्षा पांच का छात्र था. घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
जिला कलेक्टर पहुंचे, परिजनों को दिया ढांढस
जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली. इसके बाद वे गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
सरपंच राजेश सिकरवार ने बताया कि करीब एक दर्जन बच्चे बकरियों को पानी पिलाने गए थे. उनमें से कुछ बच्चे नदी में नहाने चले गए और करीब छह बच्चे गहरे पानी में चले गए. एक बच्चे ने तीन बच्चों की जान बचा ली, लेकिन तीन बच्चों को बचाया नहीं जा सका. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
उमेश मिश्रा