ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का असर अब राजस्थान के धौलपुर जिले में भी देखने को मिल रहा है. रसोई गैस के घटते स्टॉक को देखते हुए तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है. साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी 25 दिन बाद करने के निर्देश दिए गए हैं. युद्ध की आशंकाओं के चलते गैस आपूर्ति बाधित होने के डर से गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई हैं.
स्थिति यह है कि कई उपभोक्ता खुद एजेंसी पहुंचकर गैस सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि पहले एक-दो दिन में सिलेंडर की सप्लाई मिल जाती थी, लेकिन अब कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. होम डिलीवरी नहीं होने के कारण लोग एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिल रही है.
यह भी पढ़ें: 1 मंच, 3 धर्म और 66 जोड़े... धौलपुर के सामूहिक विवाह में गरीब-अनाथ बेटियों की धूमधाम से हुई शादी
मोबाइल बुकिंग में परेशानी, एजेंसी पर भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़े हैं और मोबाइल से बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि मोबाइल पर न तो बुकिंग नंबर आ रहा है और न ही ओटीपी मिल रहा है. इसके कारण लोगों को मजबूरी में एजेंसी पर आना पड़ रहा है.
लोगों का कहना है कि एजेंसी पर भी उनसे मोबाइल बुकिंग और ओटीपी की मांग की जा रही है. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें कई दिनों से परेशान होना पड़ रहा है. कुछ लोगों ने गैस सिलेंडर ब्लैक में दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं.
महिला की आपबीती सुनकर भावुक हुए लोग
ग्रामीण क्षेत्र से आई महिला कमलेश ने रोते हुए बताया कि उसके पास उज्ज्वला गैस कनेक्शन है, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही है. वह पिछले तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे सिलेंडर नहीं मिला.
महिला ने बताया कि उसका पति बीमार है और जयपुर में अस्पताल में भर्ती है. ऐसे में घर की जिम्मेदारी उसी पर है, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उसे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
होटल संचालकों ने भी जताई चिंता
धौलपुर शहर के आशीर्वाद होटल के संचालक ने बताया कि युद्ध के कारण गैस की कमी पैदा हो गई है. कंपनी और एजेंसी के पास कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए उन्हें देने से मना कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि होटल में टोरेंटो गैस पाइपलाइन का कनेक्शन है, लेकिन टोरेंटो के पास भी लगभग 15 दिन का ही स्टॉक बचा है.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस की आपूर्ति नहीं हुई तो होटल बंद करना पड़ेगा और वहां काम करने वाले कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे. उनका कहना है कि होटल में कोयले की भट्टी भी नहीं चला सकते, इसलिए फिलहाल गैस पाइपलाइन के सहारे ही काम चल रहा है.
एजेंसी संचालक ने दी सफाई
एचपी गैस एजेंसी के संचालक वीर दिगवेंद्र राणा ने बताया कि अब गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के बाद हो रही है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल सिलेंडर पर रोक के कोई आदेश नहीं आए हैं और होटल, ढाबा तथा अन्य उपभोक्ताओं को कल तक कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं.
उन्होंने बताया कि एजेंसी में आमतौर पर 20 से 25 कॉमर्शियल सिलेंडर स्टॉक में रखे जाते हैं. हाल के दिनों में लोगों ने जरूरत से ज्यादा बुकिंग कराई है. उनका कहना है कि जमाखोरी रोकने के लिए यह कदम उठाए गए हैं और सरकार के आदेश के अनुसार ही सिलेंडर का वितरण किया जाएगा.
उमेश मिश्रा