राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की जान ले ली. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 अप्रैल 2026 की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और उसके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. आए दिन झगड़े और मारपीट की घटनाओं से महिला मानसिक रूप से परेशान थी. घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था.
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद महिला ने पहले खुद के हाथ की नस काटने की कोशिश की. इसके बाद उसने अपनी चार साल की बेटी का गला दबा दिया. बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में मृतका के ताऊ सूरज सैनी ने 16 अप्रैल को राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी. उन्होंने बताया कि सुबह जब परिवार के लोग बच्चों को स्कूल के लिए बुला रहे थे, तब कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला गया. बाद में जब दरवाजा खुला, तो महिला के हाथ कटे हुए थे और बच्ची बेहोश हालत में पड़ी थी. उसके गले पर निशान भी थे.
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था. स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. थानाधिकारी राजेश मीना के अनुसार, आरोपी महिला को घटनास्थल पर ले जाकर मौका मुआयना भी कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे डर था कि यदि उसकी मौत हो गई तो उसकी बेटी का ख्याल कौन रखेगा. इसी सोच के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया. पुलिस अब पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे और क्या कारण रहे.
यह घटना घरेलू विवादों के गंभीर परिणामों की एक कड़ी चेतावनी के रूप में सामने आई है, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
हिमांशु शर्मा