यूपी के बांदा में एक रिटायर्ड दरोगा ही टप्पेबाज के चंगुल में फंस गए. बैंक से 3 लाख रुपये निकाल घर जा रहे बुजुर्ग रास्ते में एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के रुके, उसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश ने उनकी बाइक के बैग से 3 लाख रुपय पार कर दिए. दिनदहाड़े हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश को पकड़ने के लिए 4 टीमें लगाई गई हैं.
मामला शहर कोतवाली के पॉश इलाके का है. जहां कैलाशपुरी के रहने वाले अरविंद द्विवेदी रिटायर्ड दरोगा हैं. गुरुवार दोपहर बाद वह बैंक गए थे और 3 लाख रुपये कैश निकालकर घर जा रहे थे. रास्ते में सर्दी जुकाम की दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर रुक गए. उसी दौरान एक काली शर्ट पहने हुए शख्स आया और बाइक की डिग्गी में रखा 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया.
दरोगा घर पहुंचे तो डिग्गी में बैग न देख होश उड़ गए. तुरंत लौटकर मेडिकल स्टोर और बैंक गए, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका. फिर एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज देखा तो घटना दिखाई दी. वारदात के बाद ASP लक्ष्मी निवास मिश्र, कोतवाल पंकज सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. CCTV खंगाले गए और इसके बाद खुलासे के लिए टीम लगाई गई हैं.
ASP बांदा लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि थाना कोतवाली नगर के रामलीला मैदान के पास एक बैंक से अरविंद द्विवेदी 3 लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे. रास्ते में मेडिकल स्टोर की दुकान पर रुके, दवा लेने लगे. उसी दौरान बाइक की डिक्की में रखा हुआ था बैग टप्पेबाज निकाल कर ले गया. अरविंद घर चले गए, जब देखा तो बैग गायब था. वापस मेडिकल स्टोर पर आए, CCTV में देखा तो एक व्यक्ति बैग निकल रहा था. इस संबंध में सर्विलांस, थाना सहित अन्य टीमों को लगाया गया है. जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा.
सिद्धार्थ गुप्ता