महाकाल मंदिर के पास MP टूरिज्म के होटल में नॉनवेज? CCTV फुटेज से मचा हड़कंप, मैनेजर ने बताए 'दही के शोले'; दर्ज कराई FIR

MP Tourism Hotel Controversy: उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के होटल 'सम्राट विक्रमादित्य' में नॉनवेज पकाए जाने के आरोपों और उसके बाद होटल प्रबंधन की सफाई ने इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है. पढ़िए 'दही के शोले' और 'नॉनवेज' के बीच उलझी उज्जैन की ये खबर...

Advertisement
एमपीटी होटल के किचन का वीडियो वायरल.(Photo:Screengrab) एमपीटी होटल के किचन का वीडियो वायरल.(Photo:Screengrab)

संदीप कुलश्रेष्ठ

  • उज्जैन,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:19 PM IST

महाकाल मंदिर के पास मध्य प्रदेश पर्यटन निगम (MPT) के 'सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल' विवादों के घेरे में है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दावा किया जा रहा है कि इस शुद्ध शाकाहारी होटल के किचन में छिपाकर नॉनवेज (मांस-मछली) पकाया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा है कि महाकाल मंदिर के पास पर्यटन विभाग की होटल में नॉनवेज पकाया जाता है और पूरा स्टफ उसे खाता है. इतना ही नहीं ये भी दावा किया गया है कि ये गतिविधि होटल प्रबंधक की निगरानी में की जाती है.

Advertisement

वीडियो में कथित तौर पर कर्मचारी यह कहते सुने जा रहे हैं कि "मुर्गा-मछली के हाथ लगे हैं, अच्छे से हाथ धो लेना." यह भी आरोप है कि नॉनवेज पकाते समय सीसीटीवी कैमरों का एंगल जानबूझकर बदल दिया जाता है. देखें VIDEO:- 

'नॉनवेज नहीं, दही के शोले थे'
होटल के मैनेजर सतीश पाठक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने महाकाल थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि यह वीडियो होटल के उन पूर्व कर्मचारियों ने वायरल किया है जो 3-4 महीने पहले काम छोड़ चुके हैं और अब होटल की छवि खराब करना चाहते हैं. 

मैनेजर का दावा है कि जिस सामग्री को वीडियो में नॉनवेज बताया जा रहा है, वह दरअसल होटल की एक प्रसिद्ध वेज डिश 'दही के शोले' है. इसमें पनीर, वेजिटेबल्स और दही का उपयोग होता है, जिसे भ्रामक तरीके से पेश किया गया. महाकाल मंदिर के आसपास नॉनवेज पूरी तरह प्रतिबंधित है और होटल प्रशासन इसकी गरिमा का पूरा ख्याल रखता है. 

Advertisement

पुलिस कार्रवाई और आस्था का सवाल
चूंकि यह होटल महाकाल मंदिर के बिल्कुल नजदीक है, इसलिए देशभर से आने वाले श्रद्धालु इसे 'शुद्ध शाकाहारी' मानकर यहां ठहरते हैं. ऐसे में इन आरोपों ने भक्तों की आस्था को झकझोर दिया है.

होटल मैनेजर ने बताया कि उन्होंने इस दुष्प्रचार के खिलाफ महाकाल थाने में FIR दर्ज करा दी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement