मध्य प्रदेश के उज्जैन में घर में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. हिस्ट्रीशीटर बदमाश के घर में आग लगाने वाले बुंदेला गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों का उसी कॉलोनी में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने घटना को अंजाम देकर दहशत फैलाई थी.
इस दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला. पुलिस की सख्ती के बीच आरोपियों ने खुद ही नारे लगाए. उन्होंने कहा, हम छींगु के चेले हैं, पुलिस ने हम पेले हैं और अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है. आरोपियों के इन नारों ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया.
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि 11 अप्रैल को एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनके घर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस गंभीर घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
कॉलोनी में जुलूस निकालकर पुलिस ने दिखाई सख्ती
पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद लगातार दबिश देकर तीन और आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीनों आरोपियों को उसी इलाके में लेकर गई, जहां घटना हुई थी, और वहां उनका जुलूस निकाला गया.
जुलूस के दौरान आरोपियों ने अपने फरार साथियों से भी अपील की. उन्होंने नाम लेकर कहा कि वे जल्द सरेंडर कर दें, क्योंकि पुलिस की कार्रवाई से बचना मुश्किल है. आरोपियों ने अपने किए पर माफी भी मांगी और कान पकड़कर भविष्य में अपराध न करने की बात कही. पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर उठक-बैठक भी लगवाई. इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य साफ था कि इलाके में अपराधियों के प्रति डर खत्म हो और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़े.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 13 लोगों पर दर्ज हुआ केस
पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं और लोगों में यह संदेश जाता है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
संदीप कुलश्रेष्ठ