इंदौर की श्री कृष्ण विहार कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रहने वाला 13 वर्षीय एक बालक आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचनों से इतना प्रभावित हुआ कि वह अपना घर और माता-पिता को छोड़कर निकल गया. बालक के लापता होने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शहर के खजराना थाना इलाके का यह मामला है. परिजनों को बालक के कमरे से एक पत्र मिला है, जिसमें उसने लिखा: "मम्मी-पापा, मुझे ढूंढने की कोशिश न करें. आपके साथ मेरा जीवन पूरा हो गया है. अब मैं अपने असली परिवार (ईश्वर/आध्यात्मिक परिवार) के पास जा रहा हूं."
बालक घर से निकलते समय अपने साथ करीब 500 रुपये भी लेकर गया है. पत्र में उसने यह भी स्पष्ट किया कि यह पैसे उसका एक दोस्त वापस कर देगा.
CCTV में कैद हुई तस्वीरें
पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें बालक कंधे पर बैग टांगकर घर से निकलता हुआ साफ नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि बालक के पिता पेशे से ड्राइवर हैं और वे अपने बेटे को एक बेहतर भविष्य देना चाहते थे, लेकिन बालक का मन अध्यात्म की ओर मुड़ गया.
पुलिस की कार्रवाई
खजराना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है. एडिशनल DCP राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं. आसपास के क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस को अंदेशा है कि बालक वृंदावन की ओर रुख कर सकता है, जहाँ प्रेमानंद जी महाराज का आश्रम है.
पुलिस सोशल मीडिया और अपने नेटवर्क के जरिए बालक की तलाश में जुटी है. परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें इस बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत खजराना पुलिस को सूचित करें.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा