MP: खुद को बहुत स्मार्ट समझ रहा था दूल्हा, अपनी ही चाल में उलझ गया, जानें पूरा मामला

इंदौर में एक दूल्हा अतिक्रमण की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा, लेकिन जांच में वही खुद अतिक्रमणकर्ता निकला. प्रशासन ने उसका और 12 अन्य लोगों का अतिक्रमण हटवा दिया. नाले की सफाई के बाद ग्रामीणों को राहत मिली. यह मामला प्रशासनिक जांच में सच्चाई सामने आने का उदाहरण बना.

Advertisement
खुद दूल्हा ही निकला अतिक्रमणकर्ता (Photo: Screengrab) खुद दूल्हा ही निकला अतिक्रमणकर्ता (Photo: Screengrab)

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

  • इंदौर ,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:57 PM IST

इंदौर में जनसुनवाई के दौरान एक अजीब मामला सामने आया, जब हल्दी लगाए और गले में माला पहने एक दूल्हा अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचा. शादी की तैयारियों के बीच पहुंचे इस दूल्हे ने घर के सामने नाले और रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की, लेकिन जांच में पूरा मामला उल्टा निकल गया. जानकारी के अनुसार ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया ने शिकायत की थी कि नाले की गंदगी और दबंगों के अतिक्रमण के कारण उसकी शादी में परेशानी हो रही है. उसने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और एसडीएम को मौके पर भेजा.

Advertisement

एसडीएम प्रियंका चौरसिया की टीम जब मौके पर पहुंची तो जांच में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. जिस नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की गई थी, उसी पर खुद शिकायतकर्ता दूल्हे ने करीब 3×30 फीट का कब्जा कर रखा था. यह देखकर प्रशासन भी हैरान रह गया. जांच के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए न सिर्फ दूल्हे का अतिक्रमण हटवाया, बल्कि आसपास के 12 अन्य लोगों के अतिक्रमण भी हटाए गए. प्रशासन ने ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि नाले को पक्का बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या न हो.

प्रशासन ने दूल्हे समेत 12 लोगों के अतिक्रमण हटवाए

बता दें, यह नाला गांव और खेतों के पानी की निकासी का अहम रास्ता है. अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कार्रवाई के बाद जब रास्ता साफ हुआ, तो गांव के लोगों ने राहत की सांस ली. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि शादी के मौके पर सहानुभूति पाने के लिए की गई शिकायत उल्टी पड़ गई और शिकायतकर्ता खुद ही कार्रवाई की जद में आ गया. जनसुनवाई में आई इस घटना ने प्रशासनिक सतर्कता और जांच प्रक्रिया को भी उजागर किया.

Advertisement

कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन का जताया आभार

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया और मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन का धन्यवाद किया. उनका कहना है कि अब पानी की निकासी सही तरीके से हो पाएगी और आने वाले समय में परेशानी नहीं होगी. यह घटना यह भी दिखाती है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आती है और गलत तरीके से शिकायत करने वालों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement