मध्य प्रदेश के ग्वालियर-डबरा हाइवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. टेकनपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने नेक्सॉन कार को टक्कर मार दी और उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता रहा. हैरानी की बात यह रही कि कार में सवार तीन लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
यह पूरी घटना शनिवार शाम टेकनपुर सीमा के बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास की है. ट्रक (RJ11 GC 2456) डबरा से ग्वालियर की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसने नेक्सॉन कार (MP07 ZG 9779) को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई.
लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को घसीटना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने कार को डिफेंस पार्क के सामने तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा.
कार सवार खिड़की में से ट्रक को ठोकता रहा, चिल्लाता रहा, आवाज देता रहा, यही नहीं, राहगीर लगातार चिल्लाते रहे, इशारे करते रहे, लेकिन ट्रक चालक नहीं रुका.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार का चालक ट्रक पर हाथ मारकर उसे रोकने का संकेत दे रहा है. ट्रक चालक वाहन को लहराते हुए कार को घसीटता रहा और बाद में उसे एक खंती की ओर छोड़कर भागने की कोशिश की. हालांकि लोगों ने पीछा कर ट्रक को बिलौआ हाईवे के पास पकड़ लिया और चालक की पिटाई भी कर दी. देखें VIDEO:-
बताया जा रहा है कि कार में एसएएफ के अधिकारी सवार थे, जो बटालियन में पदस्थ हैं और ओरछा से लौट रहे थे. गनीमत रही कि तीनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई.
प्रत्यक्षदर्शी सेबू गुर्जर ने बताया कि हादसा देखते ही उन्होंने अपनी बुलेट बाइक से ट्रक का पीछा किया और लगातार रोकने की कोशिश की. बाद में लोगों की मदद से कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
इस मामले में आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा का कहना है कि अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया है। यदि शिकायत मिलती है तो मामला दर्ज किया जाएग. फिलहाल ट्रक को बिलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है.
सर्वेश पुरोहित