ग्वालियर के भितरवार कृषि उपज मंडी में मंगलवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब तुलाई की समस्या को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. लंबे समय से तुलाई में हो रही देरी और अव्यवस्था से नाराज किसानों ने मंडी परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया.
सैकड़ों की संख्या में किसान मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचे थे, लेकिन तुलाई में हो रही देरी और अव्यवस्था को लेकर वे काफी परेशान थे. किसानों का आरोप था कि उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन उनकी फसल की तुलाई समय पर नहीं हो रही. इसी बात को लेकर किसानों ने पहले नारेबाजी की और फिर हंगामा शुरू कर दिया.
इसी दौरान मंडी में मौजूद नायब तहसीलदार हरनाम सिंह हालात को संभालने पहुंचे. लेकिन गुस्साए किसानों और प्रशासन के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान कुछ किसानों ने नायब तहसीलदार के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उन्हें चोट आई.
हालात इतने बिगड़ गए कि नायब तहसीलदार को मौके से भागना पड़ा. मंडी परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. किसान और प्रशासनिक अधिकारी दोनों तरफ से तनाव की स्थिति बन गई.
यह भी पढ़ें: वाराणसी की दालमंडी में फिर गरजा बुलडोजर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 30 मकान जमींदोज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने हालात को कंट्रोल करने के लिए मोर्चा संभाला और स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार किसानों को मौके से पकड़ लिया है. वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई. दूसरी ओर, किसानों में अब भी नाराजगी बनी हुई है.
सर्वेश पुरोहित