Summer Hair Care Tips: गर्मियों का मौसम आते ही चिलचिलाती धूप, उमस और पसीना हमारे स्कैल्प को चिपचिपा और गंदा बना देते हैं. दोपहर होते-हूट स्कैल्प पर हैवीनेस और ऑयल महसूस होने लगता है जिसके कारण अधिकतर लोग खासकर लड़के, हर रोज शैम्पू करना शुरू कर देते हैं. लेकिन क्या रोजाना बाल धोना हेयर हेल्थ के लिए सही है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गर्मियों में हेयर वॉश की फ्रीक्वेंसी पूरी तरह से आपके हेयर टाइप और लाइफस्टाइल पर निर्भर करती है.
बिना सोचे-समझे बार-बार बाल धोने से स्कैल्प का नेचुरल ऑयल खत्म हो सकता है जिससे बाल रूखे और बेजान होकर टूटने लगते हैं. लड़के और लड़कियों दोनों को हफ्ते में कितनी बार बाल धोना चाहिए, इस बारे में जान लीजिए.
हेयर टाइप के हिसाब से बाल धोएं
डर्मेटोलॉजिस्ट और हेयर एक्सपर्ट्स जब हेयर वॉश फ्रीक्वेंसी की बात करते हैं तो उनका सीधा मतलब शैम्पू का इस्तेमाल करके स्कैल्प को साफ करने से ही होता है. सिर्फ सादे पानी से बाल गीले करने को हेयर वॉश या सिर धोना नहीं माना जाता, क्योंकि पानी स्कैल्प पर जमे तेल और गंदगी को पूरी तरह साफ नहीं कर पाता.
अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी का कहना है कि बाल धोने का कोई एक फिक्स नियम नहीं है जो सब पर लागू हो. जिन लोगों के बाल बहुत पतले या स्कैल्प ऑयली है, उन्हें गर्मियों में हर दूसरे दिन या जरूरत पड़ने पर रोज माइल्ड शैम्पू से बाल धोने चाहिए क्योंकि पसीना और तेल पोर्स को ब्लॉक कर देते हैं.
क्लीवलैंड क्लिनिक की रिपोर्ट का कहना है कि थिक या कर्ली (घुंघराले) बाल वाले लोगों को रोजाना शैम्पू करने से बचना चाहिए. कर्ली बालों में नेचुरल सीबम को नीचे तक पहुंचने में वक्त लगता है इसलिए उन्हें हफ्ते में सिर्फ एक या दो बार ही शैंपू करना काफी है.
अगर आप रोजाना हैवी वर्कआउट करते हैं या धूप में ज्यादा वक्त बिताते हैं तो स्कैल्प पर पसीना जमा होना लाजमी है. हेल्थलाइन के मुताबिक, पसीने को स्कैल्प पर ज्यादा देर छोड़ना सही नहीं है क्योंकि इससे फंगल इन्फेक्शन और डैंड्रफ का खतरा बढ़ता है जो हेयर लॉस को ट्रिगर करता है.
लेकिन हर बार पसीना आने पर शैम्पू रगड़ना समाधान नहीं है. एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि वर्कआउट के बाद सिर्फ साफ पानी से स्कैल्प को अच्छी तरह साफ कर लें. इससे बिना बालों को ड्राई किए पसीना निकल जाता है. इसके अलावा शैम्पू हमेशा स्कैल्प पर लगाएं और कंडीशनर को सिर्फ बालों की लेंथ पर ही इस्तेमाल करें.
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य जानकारी और एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित है. इसे किसी भी तरह की मेडिकल सलाह या इलाज का विकल्प न समझें.)
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क