गर्मियों का मौसम आते ही बहुत से कीड़े और जानवर एक्टिव हो जाते हैं. इनमें सिर्फ छिपकली या कॉकरोच ही नहीं, बल्कि जहरीले सांपों का नाम भी शामिल है. जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, वैसे-वैसे सांप अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं और रहने के लिए ऐसी जगह ढूंढते हैं, जहां ठंडक और अंधेरा हो. ऐसे में अगर आपको आपके घर के बगीचे की झाड़ियों या लकड़ी के ढेर के पास अचानक कोई सांप दिख जाना बहुत आम बात है. हालांकि, ये किसी के भी पसीने छुड़ा सकता है.
लेकिन आपका ये जानना जरूरी है कि अगर आप सांप देखकर पैनिक होंगे तो ये आपके लिए खतरनाक हो सकता है. क्योंकि अगर आप चिल्लाएंगे या शोर मचाएंगे तो वो अपने को बचाने के लिए आपके ऊपर हमला भी कर सकता है. ऐसे में घबराहट जान की दुश्मन बन सकती है, जबकि समझदारी आपकी सबसे बड़ी ढाल. आज हम आपको इस खबर में बताएंगे कि अगर आपको अपने आंगन में सांप दिखे तो आपको बिना घबराए क्या करना चाहिए, जिससे आप और आपके घर का कोना-कोना सुरक्षित रहे.
शांत रहें और दूरी बनाएं
अगर आपको आपके घर या गार्डन में सांप दिखे, तो सबसे पहले तो घबराएं नहीं. घबराने की बजाय तुरंत थोड़ा पीछे हट जाएं. ये बात समझ लें कि सांप आमतौर पर इंसानों से दूर रहना पसंद करते हैं और बिना मतलब हमला नहीं करते है. लेकिन अगर आप उन्हें देखकर अचानक भागेंगे या तेज हरकत करेंगे तो उन्हें आपसे खतरा महसूस हो सकता है, जिससे वे अपनी रक्षा करने के लिए कुछ कर सकते हैं. इसलिए सबसे बेहतर तरीका है कि आप शांत रहें, धीरे-धीरे उनसे दूरी बना लें.
दूर से रखें नजर
आपको सांप को हमेशा दूरी बनाकर ही देखना चाहिए. आप उस पर हमेशा खिड़की, बालकनी या गेट के पीछे से ही नजर रखें. ऐसा करने से आपको ये समझने में मदद मिलती है कि वो कहां छिप रहा है या कहां जा रहा है. बिना छेड़े दूर से नजर रखने से आप सुरक्षित भी रहते हैं और आपको पता भी होता है कि वो आखिर गया कहां.
जरूरत पड़े तो एक्सपर्ट को बुलाएं
किसी भी स्थिति में खुद से सांप हटाने की कोशिश बिल्कुल न करें. अगर सांप इंतजार करने के बाद भी वहां से नहीं जा रहा है तो वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाना ही सबसे अच्छा ऑप्शन होता है. ये लोग सांप की सही पहचान करके उसे बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से वहां से हटा देते हैं, जिससे इंसान और सांप दोनों सुरक्षित रहते हैं.
ये गलतियां बिल्कुल न करें
सांप को छेड़ना या डंडा मारने की गलती न करें
उसे पकड़ने की या फिर उससे देखते ही भगाने की कोशिश न करें
सांप पर पत्थर या लकड़ी फेंकने की भूल न करें
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क