बाली (इंडोनेशिया) से एक इंडियन फैमिली का वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो में एक परिवार की शर्मनाक हरकत दिख रही है जिसमें उनके बैग से से होटल के कमरे में दिए गए सामान निकले हैं. देखते ही देखते ये वीडियो इतना फैला कि लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि चेकआउट के दौरान जब होटल स्टाफ ने शक होने पर उनका सामान चेक किया तो उनके बैग से तौलिये, सजावटी सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी चीजें बरामद हुईं.
बाली टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना बाली के जियानयार जिले के उबुद में स्थित असवारा रिजॉर्ट की है. जानकारी के मुताबिक, इंडियन टूरिस्ट 16 अप्रैल से रिजॉर्ट में रुके थे और उन्हें 19 अप्रैल को चेक आउट करना था.
यह घटना तब सामने आई जब परिवार होटल से चेकआउट कर रहा था और होटल के कमरे में मिसिंग चीजें देखकर स्टाफ को उनके बैग्स पर शक हुआ.
जब उनके बैग्स की तलाशी ली गई तो बैग के अंदर से चोरी का सामान निकला. फैमिली जब रंगे हाथों पकड़ी गई तो उसने होटल वालों से माफी भी मांगी. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वे इन सामान के पैसे देने को तैयार हैं लेकिन होटल स्टाफ का तर्क था कि यह पैसे का नहीं है.
वीडियो में साफ-साफ देखा जा रहा है कि होटल के स्टाफ ने जब बैग की जांच की तो उसमें से होटल के तौलिये, साबुन के डिस्पेंसर, सजावटी शोपीस और यहां तक कि हेयर ड्रायर जैसी चीजें मिलीं. इसके अलावा डोरमैट, चम्मच भी उनके बैग से निकले.
जियानार पुलिस के स्पोकपर्सन इप्तू आई गुस्ती नगुराह सुआरदिता के मुताबिक, इस मामले को रिजॉर्ट के मैनेजमेंट तक पहुंचाया गया था और उन्होंने जानकारी लगते हैं, टूरिस्ट के चैकआउट को कुछ समय के लिए रोक दिया था. ऑफिसर्स के मुताबिक, टूरिस्ट के खिलाफ कोई भी पुलिस कंपलेन नहीं की गई है. होटल, स्टॉफ और फैमिली के बीच सहमति से मामले को सुलझा लिया गया है. फैमिली ने होटल का सारा सामान वापिस कर दिया है और कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की गई.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क