How To Use Sour Milk: अक्सर घरों में ऐसा हो जाता है कि फ्रिज में रखा दूध समय पर इस्तेमाल न होने की वजह से खट्टा हो जाता है. जैसे ही दूध में हल्की-सी खटास आती है, आप बिना सोचे उसे सिंक में डाल देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये हल्का खट्टा दूध खराब नहीं होता? जी हां, अगर सही तरीके से इसका इस्तेमाल किया जाए तो यही खट्टा दूध आपकी रसोई में दोबारा काम आ सकता है. अगर आप अभी तक खट्टे दूध को खराब समझकर उसे फेंकते आ रहे हैं, तो आप बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं. आपकी दादी-नानी भी खट्टे दूध से कई काम की चीजें बना लेती थीं. इससे न सिर्फ पैसे बचते हैं, बल्कि खाने की बर्बादी भी रुकती है.
खट्टे दूध से पनीर, कढ़ी, ढोकला जैसी टेस्टी चीजें बनाई जा सकती हैं. कई लोग इसे आटे में मिलाकर रोटियां और भी नरम बनाते हैं. बस ध्यान रखें कि दूध बहुत ज्यादा खराब या बदबूदार न हो. तो अगली बार दूध हल्का-सा खट्टा हो जाए, उसे फेंकने से पहले एक बार सोचिए. आइए जानते हैं खट्टे दूध को दोबारा इस्तेमाल करने के आसान और स्मार्ट तरीके.
खट्टा दूध सुरक्षित है या नहीं?
हर खट्टा दूध खराब हो, ऐसा जरूरी नहीं है. अगर दूध से बस हल्की-सी खट्टी खुशबू आ रही है और उसमें कहीं फफूंदी या अजीब सी परत नहीं दिख रही, तो ऐसे दूध को आप आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन अगर दूध से तेज बदबू आने लगे, उसका रंग बदल गया हो या देखने में कुछ गड़बड़ लगे, तो उसे इस्तेमाल करने का रिस्क न लें और फेंक देना ही बेहतर होता है.
1. खट्टे दूध से बनाएं छाछ: आप खट्टे दूध से छाछ बना सकते हैं. उसमें थोड़ा सा पानी और नमक मिलाकर आप आसानी से छाछ बना सकते हैं. ये पेट के लिए बहुत हल्दी होती है. गर्मियों में तो छाछ शरीर को ठंडक भी देती है.
2. केक और पैनकेक में करें इस्तेमाल: अगर आपको बेकिंग का शौक है, तो खट्टा दूध आपके बहुत काम आ सकता है. खट्टा दूध जब बेकिंग सोडा या बेकिंग पाउडर के साथ मिलाया जाता है, तो केक और भी ज्यादा सॉफ्ट और फूला-फूला बनता है. ऐसे अगली बार केक बनाते समय नॉर्मल दूध की जगह खट्टा दूध ट्राई करके देखें.
3. मट्ठा (Whey) निकालकर बढ़ाएं पोषण: खट्टे दूध को हल्का गर्म करने पर वह फट जाता है. जो सफेद ठोस हिस्सा निकलता है, उससे पनीर या छेना बन जाता है और जो पानी बचता है, वही मट्ठा या व्हे होता है. इस मट्ठे को आप चावल, दाल या सब्जी बनाते समय इस्तेमाल कर सकते हैं. ये पोषण से भरपूर होता है. इससे खाने का स्वाद भी बढ़ता है और पोषण भी.
4. घर पर बनाएं पनीर या छेना: अगर आप घर पर पनीर या छेना बनाना चाहते तो खट्टे दूध का इस्तेमाल करके आसानी से बना सकते हैं. आपको दूध को बस गर्म करना है. इसके बाद इसे कपड़े से छान लें. थोड़ी ही देर में ताजा छेना तैयार हो जाता है. इससे आप मिठाइयां, सब्जी या पराठे जैसी कई चीजें बना सकते हैं.
5. सूप और ग्रेवी में डालें हल्की खटास: अगर आप सूप, सब्जी या ग्रेवी बना रहे हैं, तो उसमें थोड़ा सा खट्टा दूध डालकर क्रीमी टेक्शचर और हल्की खटास ला सकते हैं. बस ध्यान रखें कि मात्रा ज्यादा न हो, वरना स्वाद बिगड़ सकता है. सही मात्रा में डाला गया खट्टा दूध खाने का मजा दोगुना कर देता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क