How To Iron Clothes Without Ironing: अक्सर ऐसा होता है कि आपको कहीं पहुंचने की बहुत जल्दी होती है, लेकिन जैसे ही अलमारी खोलते हैं वैसे ही सारा मूड खराब हो जाता है. दरअसल, अलमारी जब आप कपड़े निकालते हैं, तो वो सिकुड़े हुए निकलते हैं. उसमें आपकी पसंदीदा शर्ट या कुर्ता भी होती है, जिसे आप अभी तक पहनने का मन बना रहे थे. ये इतना ज्यादा सिकुड़ा हुआ होता है कि उसे बिना प्रेस किए पहनना मुश्किल हो जाता है. अब या तो प्रेस गरम होने का इंतजार करें या फिर खराब आयरन को कोसते रहें.
जी हां, कई बार प्रेस खराब भी होती है और आपकी परेशानी बढ़ जाती है. लेकिन अगर हम कहें कि आप बिना प्रेस के भी कपड़ों की सिलवटें दूर कर सकते हैं तो? आपको यकीन करना होगा. अगर आपके पास समय कम है या आयरन खराब है, तो भी आप मिनटों में अपने कपड़ों को चकाचक बना सकते हैं. आइए जानते हैं घर में मौजूद किन चीजों से आप बिना प्रेस के भी कपड़ों की सिलवटें दूर कर सकते हैं.
भाप से कपड़ों को करें स्मूद
अगर आपकी प्रेस खराब है, तो स्टीम आपकी सबसे बड़ी मददगार बन सकती है. इसके लिए आप बाथरूम में गरम पानी का शावर चला दें और कपड़े को हैंगर पर टांगकर अंदर लटका दें. जब आप कपड़े में 10 से 15 मिनट तक भाप लगने देंगे तो सिलवटें धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं. ये तरीका खासकर हल्के कपड़ों के लिए बहुत असरदार होता है.
गीले तौलिये से मिल सकती है मदद
अगर जल्दी में हैं और स्टीम लगाने का भी इंतजार नहीं कर सकते, तो गीला तौलिया भी काम आ सकता है. एक साफ तौलिये को हल्का गीला करें और उसे सिलवट वाले हिस्से पर रखकर हल्के हाथ से दबाएं. इससे कपड़े की क्रीज कम होने लगती है और वो पहले से ज्यादा ठीक दिखने लगता है.
हेयर ड्रायर से भी हट सकती हैं सिलवटें
आपका बाल सुखाने वाला हेयर ड्रायर कपड़ों की सिलवटें निकलाने के काम भी आ सकता है. जी हां, हेयर ड्रायर भी इस काम में आपकी मदद कर सकता है. सबसे पहले कपड़े को हैंगर पर टांग दें और जहां ज्यादा सिलवटें हों, वहां थोड़ा पानी स्प्रे कर दें. इसके बाद ड्रायर से उस हिस्से पर हवा दें. कुछ ही मिनटों में कपड़ा काफी हद तक स्मूद दिखने लगेगा.
मैट्रेस के नीचे दबाकर करें ठीक
अगर आपके पास थोड़ा समय है, तो ये तरीका भी काफी आसान है. कपड़े को अच्छे से सीधा करके फोल्ड करें और उसे गद्दे के नीचे रख दें. करीब 20 से 30 मिनट बाद जब आप कपड़ा निकालेंगे, तो उसकी सिलवटें काफी हद तक कम हो चुकी होंगी. जब कपड़े पर दवाब पड़ेगा तो उसकी वजह से कपड़ा फ्लैट हो जाता है.
सिरके का स्प्रे भी है असरदार
सिरका यानी विनेगर भी सिलवटें कम करने में मदद करता है. इसके लिए पानी और सिरके को मिलाकर एक स्प्रे तैयार करें और कपड़े पर हल्का-सा छिड़क दें. इसके बाद कपड़े को टांगकर छोड़ दें. इससे न सिर्फ सिलवटें कम होती हैं, बल्कि कपड़े में हल्की फ्रेशनेस भी आ जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क