How to keep your Roof Cool In Hot Summer: गर्मी के मौसम में जब सूरज की तपिश बढ़ने लगती है, तो घर की छत तंदूर की तरह दहकने लगती है. कंक्रीट की छतें दिनभर धूप सोखती हैं और रात तक कमरे को भट्टी बना देती हैं और इसकी वजह से गर्मियों में कमरे के अंदर बिना एसी-कूलर के रहना बहुत मुश्किल हो जाता है. इसकी एक वजह यह भी है कि छत की गर्माहट की वजह से पंखा भी लू जैसी गर्म हवा फेंकने लगता है.
इस वजग से गर्मियों में पूरा-पूरा दिन एसी और कूलर ही चलता रहता है, जिसकी वजह से भारी बिजली का बिल आता है. अगर आप भारी-भरकम बिजली बिल वाले एसी या कूलर से बचना चाहते हैं, तो ये कुछ देसी नुस्खे आपके घर का तापमान काफी हद तक कम कर सकते हैं. इससे एक तो आपका घर और कमरा ठंडा होगा और पंखा भी ठंडी हवा देगा.
धूप की वजह से गर्मियों में छत तपने लगती है, ऐसे में छत की गर्मी को तुरंत शांत करने का सबसे पुराना और कारगर तरीका है शाम के वक्त पानी का छिड़काव करना. दिनभर तपी हुई छत जब पानी के संपर्क में आती है, तो उसकी हीट बाहर निकल जाती है. हालांकि इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ज्यादा ठंडक के लिए छत पर गीली बोरी या पुराने जूट के बोरे बिछा दें. यह काफी देर तक नमी सोखकर रखते हैं और नीचे वाले कमरे को ठंडा रखते हैं.
घर को ठंडा रखने के लिए हवा का सही बहाव बेहद जरूरी होता है. सुबह सूरज निकलने से पहले और शाम को सूर्यास्त के बाद अपने घर की सभी खिड़कियां खोल दें. दोपहर में धूप और गर्म हवा को रोकने के लिए खिड़कियों पर मोटे पर्दे डाल दें. अगर आप पर्दों पर हल्का पानी छिड़क देते हैं, तो अंदर आने वाली हवा ठंडी महसूस होगी.
घर की दीवारों पर व्हाइट पेंट करवा सकते हैं, क्योंकि गर्मियों में घर को ठंडा रखने के लिए सफेद पेंट या चूना एक बेहद असरदार और किफायती उपाय है. साइंस के मुताबिक, सफेद कलर सूरज की किरणों को सोखने के बजाय उन्हें वापस परावर्तित कर देता है, जिससे गर्मी कम अंदर पहुंचती है.
अगर आप अपनी छत पर सफेद चूने की परत चढ़ाते हैं या दीवारों पर व्हाइट पेंट करवाते हैं, तो यह प्राकृतिक इंसुलेटर की तरह काम करता है. इससे छत कम गर्म होती है और घर का तापमान लगभग 4 से 5 डिग्री तक कम हो सकता है, जिससे बिना एसी भी राहत मिलती है.
गर्मियों में लोग फ्रिज के अलावा मटके का पानी पीते हैं, लेकिन मटका सिर्फ पानी ठंडा नहीं बल्कि आपके घर को भी ठंडा रखने में मदद कर सकता है. मिट्टी के घड़े न सिर्फ पानी ठंडा रखते हैं, बल्कि वातावरण में नमी भी बनाए रखते हैं. खिड़की के पास रखा मिट्टी का मटका भी नेचुरली टेम्परेचर को बैलेंस करता है.
इसके अलावा आप चाहे तो कमरे में पंखे के सामने एक गीला कपड़ा या तौलिया टांग दें. जब पंखे की हवा इस गीले कपड़े से होकर गुजरेगी, तो वह कूलर जैसी ठंडक देगी.
अक्सर ही लोग अपने घरों की छत पर गमले रखते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही गमले आपके घर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. यही वजह है कि सालों से लोग छतों पर ही गमले रखते आ रहे हैं. छत पर रखे छोटे पौधे और गमले न केवल हरियाली बिखेरते हैं, बल्कि नेचुरल इंसुलेटर का काम भी करते हैं.पौधों की मिट्टी और नमी छत को सीधे धूप के संपर्क में आने से बचाती है, इससे घर के अंदर का वातावरण शुद्ध और ठंडा बना रहता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क