जब भी वजन घटाने की बात आती है तो सबसे पहले इंसान के मन में फैट वाली चीजें छोड़ने का ख्याल आता है क्योंकि उनका मानना होता है कि फैट खाने से ही वजन बढ़ता है. वहीं कई लोग मानते हैं कि यदि वजन कम करना है तो घी, तेल और मक्खन को अपनी थाली से पूरी तरह बाहर करना होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं कि शरीर की चर्बी गलाने के लिए भी आपको एक निश्चित मात्रा में फैट खाने की जरूरत होती है?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फैट की सही मात्रा लेने से वजन कम करने में मदद मिलती है. यदि आप फैट खाना बंद कर देंगे तो वजन घटने की बजाय शरीर में कमजोरी और हार्मोनल असंतुलन की समस्या पैदा हो सकती है. तो आइए फैट का पूरा गणित क्या है, इस बारे में जान लीजिए.
जब कोई वेट लॉस जर्नी पर होता है तो वो कौन सा फैट खा रहा है ये सबसे अधिक मायने रखता है. मोटे तौर पर आपको अपनी डाइट में अनसैचुरेटेड फैट खाना है. सैचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट को दूर रखना है.
अनसैचुरेटेड फैट हार्ट के लिए अच्छे होचे हैं और वजन कम करने में मदद करते हैं. ऑलिव ऑयल, एवोकाडो, बादाम, अखरोट, अलसी, चिया सीड्स और फैटी फिश में अनसैचुरेटेड फैट होता है. बिस्किट, केक, समोसे, पिज्जा और प्रोसेस्ड मीट में मिलने वाला फैट शरीर में सूजन बढ़ाता है और पेट की चर्बी को कम करने में रुकावट डालता है क्योंकि ये सैचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट से भरपूर होते हैं.
हेल्थ सोर्स के मुताबिक, वजन घटाने के लिए कुल कैलोरी का 20-35 प्रतिशत फैट से आना चाहिए क्योंकि 1 ग्राम फैट में 9 कैलोरी होती हैं. यदि कोई 2000 कैलोरी ले रहा है तो उसकी कुल कैलोरी का 20 से 35 प्रतिशत यानी 400 से 700 कैलोरीज फैट से आनी चाहिए.
गाइडलाइंस के मुताबिक, कम से कम 0.5 ग्राम फैट प्रति किलो बॉडी वेट लेना चाहिए ताकि एसेंशियल फैटी एसिड की कमी न हो. उदाहरण के तौर पर 60 किलो वजन वाले व्यक्ति को 30-60 ग्राम, 70 किलो को 35-70 ग्राम और 80 किलो को 40-80 ग्राम फैट रोजाना लेना चाहिए.
ICMR गाइडलाइंस भी कहती हैं कि कुल एनर्जी का 30 प्रतिशत तक फैट ठीक है लेकिन विजिबल फैट जैसे तेल-घी 25-30 ग्राम तक सीमित रखें. ज्यादा कटने पर भूख बढ़ती है, मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ता है.
ICMR के मुताबिक, फैट विटामिन को सोखने, हार्मोन बनाने और एनर्जी देने में मदद करते हैं. यदि कोई पर्याप्त फैट का सेवन नहीं करता है तो उसे थकान, बाल झड़ना और इम्यून सिस्टम कमजोर जैसी समस्याएं हो सती हैं. लो-फैट डाइट अक्सर भूख बढ़ाती है, जिससे वजन बढ़ने लगात है. नट्स-बीज से फैट लें और तेल को 27 ग्राम तक सीमित रखें. एक्सरसाइज के साथ बैलेंस्ड फैट डाइट से हफ्ते में 1 किलो तक वजन कम संभव है. ज्यादा प्रोसेस्ड फूड अवॉइड करें, ताकि फैट बर्निंग तेज हो.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क