सिर्फ पीने के लिए नहीं है चाय...बन सकता है टेस्टी खाना! इन 10 रेसिपी में करें इस्तेमाल, खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे

क्या आप जानते हैं कि चाय आपके खाने का स्वाद बढ़ा सकती है? कुकीज से लेकर चावल और छोले तक, आप चाय की मदद से बहुत सी चीजों का स्वाद बढ़ा सकते हैं. आज हम आपको ऐसी ही रेसिपीज बताने वाले जिनमें आप चाय का तड़का लगाकर उनके स्वाद में ट्विस्ट ला सकते हैं.

Advertisement
चाय की मदद से आप छोले का स्वाद भी बढ़ा सकते हैं. (Photo: ITG) चाय की मदद से आप छोले का स्वाद भी बढ़ा सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:46 PM IST

जब भी थकान दूर करने या फिर मूड फ्रेश करने की बात आती है, तो सबसे पहले लोगों के दिमाग में जिस चीज का नाम आता है वो चाय है. भारतीयों के लिए चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि एक इमोशन है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी पसंदीदा चाय सिर्फ थकान ही नहीं मिटाती, बल्कि खाने का स्वाद भी बढ़ा सकती है? जी हां! अगर आप इसे सिर्फ कप में भरकर पीना जानते हैं, तो आप बहुत कुछ मिस कर रहे हैं. चाय आपके किचन का वो 'जादुई मसाला' बन सकती है, जिसके बारे में शायद ही आपने सोचा हो. कड़क मसाला चाय हो या फिर खुशबूदार ग्रीन-टी आप इसे कई तरह के पकवानों में इस्तेमाल कर सकते हैं.

Advertisement

चाय आपके खाने का स्वाद दोगुना कर देती है. हम आज आपको चाय के 10 इस्तेमाल बताने वाले हैं, जो आपके रोजाना के खाने को किसी फाइव-स्टार होटल जैसा ट्विस्ट दे देगी.

1. चाय वाली स्मूदी (Tea Smoothies): क्या आपने कभी चाय वाली स्मूदी पी है? सुनने में थोड़ा अटपटा लग सकता है, लेकिन है नहीं. अपनी फ्रूट स्मूदी में दूध या पानी की जगह ठंडी की हुई ग्रीन टी या कैमोमाइल टी डालकर देखें. ये न सिर्फ आपको एक फ्रेश फ्लेवर देगी, बल्कि एंटीऑक्सीडेंट्स की एक्स्ट्रा डोज भी मिलेगी.

2. चाय के पानी में उबले चावल (Tea-Infused Rice): अगली बार जब आप चावल या पुलाव बनाएं, तो सादे पानी की जगह जैस्मीन टी या ग्रीन टी का इस्तेमाल करें. एक तो इससे चावल चिपचिपे नहीं बनेंगे और उसके साथ ही उनमें एक बहुत ही हल्की और अच्छी महक आएगी.

3. चाय वाला मैरिनेशन (Tea Marinades for Meat): आपकी चाय में टैनिन होता है, जो मीट को सॉफ्ट करने में मदद करता है. अगर आप ब्लैक टी में थोड़ा लहसुन और अदरक मिलाकर चिकन या पनीर को मैरिनेट करें, तो इसका स्वाद एकदम स्मोकी और लाजवाब हो जाता है.

Advertisement

4. स्मोकी टी सूप (Smoky Tea Soups): आप चाय का इस्तेमाल करके सूप का बेस भी बना सकते हैं. सूप का बेस (स्टॉक) बनाते समय उसमें स्मोकी चाय डालें. ये वेज सूप को भी ऐसा स्वाद देगी जैसे उसे कोयले की आंच पर पकाया गया हो.

5. चाय वाले छोले (Tea-Infused Chickpeas): आपने कभी न कभी अपनी मम्मी को छोलों को चाय के पानी में उबालते देखा ही होगा. ये तो भारत में काफी मशहूर है. काबुली चने उबालते समय उसमें चाय पत्ती की एक पोटली डाल दें. इससे छोलों का रंग गहरा काला हो जाता है और स्वाद में एक खास गहराई आ जाती है.

6. मसाला चाय आइसक्रीम (Chai Spice Ice-Cream): आप चाय वाली आइसक्रीम भी खा सकते हैं. दूध और मलाई के साथ दालचीनी, इलायची और काली चाय को पकाएं और फिर इसे जमा दें. घर पर बनी ये मसाला चाय आइसक्रीम किसी भी ब्रांडेड फ्लेवर को मात दे सकती है.

7. टी ओट्स (Tea-Poached Oats): सुबह के नाश्ते में ओट्स को सादे पानी की जगह मसाला चाय में पकाएं. ऊपर से थोड़े शहद और नट्स डालें. ये बोरिंग ओट्स को एक शानदार ब्रेकफास्ट बना देगा.

8. चाय का सलाद ड्रेसिंग (Tea Salad Dressing): आप चाय को सलाद की ड्रेसिंग की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ग्रीन टी के पानी को शहद, नींबू और ऑलिव ऑयल के साथ मिलाएं. इसे अपने सलाद के ऊपर डालें. ये ड्रेसिंग के लिए एक हेल्दी ऑप्शन है. 

Advertisement

9. पोच्ड फ्रूट्स (Poached Fruits in Tea): नाशपाती या सेब जैसे फलों को चीनी और हिबिस्कस टी (गुड़हल की चाय) के पानी में उबालें. इससे फल का रंग भी सुंदर हो जाएगा और चाय की खटास उनके स्वाद को एक नया ट्विस्ट भी देगी.

10. चाय वाले चॉकलेट ट्रफल्स (Tea Chocolates): डार्क चॉकलेट और चाय का कॉम्बिनेशन कमाल का होता है. पिघली हुई चॉकलेट में थोड़ी सी कड़क असम टी का अर्क मिलाएं और इसके छोटे-छोटे बॉल्स बना लें. ये स्वाद में कमाल लगते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement