LPG Crisis: आजकल दिल्ली-मुंबई और नोएडा समेत ज्यादातर शहरों में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती किल्लत को लेकर चर्चा तेज है. गैस की कीमतें बढ़ने और सप्लाई में दिक्कतों के कारण कई घरों और रेस्टोरेंट्स को अपने किचन का हिसाब-किताब बदलना पड़ रहा है. दरअसल भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से एलपीजी आयात करता है, इसलिए ईरान-इजरायल के बीच बिगड़े अंतरराष्ट्रीय हालात का असर सीधे आपकी रसोई तक पहुंच रहा है.
ऐसे समय में गैस का ध्यान से इस्तेमाल करना बहुत जरूरी हो जाता है. इसके लिए आपका ये समझना जरूरी है कि आपके घर में बनने वाली कौन सी डिशेज सबसे ज्यादा गैस खर्च कर देती हैं. ऐसी बहुत सी लोकप्रिय भारतीय डिशेज हैं, जिन्हें बनाने में समय ज्यादा लगता है और उन्हें तेज आंच पकाया जाता है, इसलिए वे सिलेंडर जल्दी खाली कर सकती हैं. चलिए जानते हैं उन फूड्स के बारे में बता रहे हैं जो अनजाने में आपके LPG सिलेंडर को सबसे तेज खत्म कर सकते हैं.
ये 5 भारतीय फूड्स सबसे जल्दी खत्म कर सकते हैं LPG
1. डीप फ्राई स्नैक्स (पूरी, पकौड़े, कचौड़ी): इस लिस्ट में सबसे पहला नाम डीप फ्राई स्नैक्स का आता है. तेल में तलकर बनने वाली चीजें गैस सबसे ज्यादा खाती हैं. पूड़ी, पकौड़े, कचौड़ी या समोसे जैसे स्नैक्स बनाने के लिए पहले तेल को तेज आंच पर लंबे समय तक गर्म करना पड़ता है और फिर एक-एक करके चीजें तलनी पड़ती हैं. इस पूरे प्रॉसेस में गैस लगातार चलती रहती है, इसलिए सिलेंडर जल्दी खत्म हो सकता है.
2. राजमा और छोले: शायद ही कोई होगा जिसे राजमा और छोले खाना पसंद न हो. लेकिन इस समय स्वाद में लाजवाब ये दोनों चीजें बनाने पर आपको रोक लगा देनी चाहिए. दरअसल, राजमा और छोले पकाने में बहुत समय लगता है. इन्हें पहले भिगोना पड़ता है और फिर काफी देर तक उबालना और पकाना पड़ता है. अगर प्रेशर कुकर की जगह खुले बर्तन में बनाया जाए तो गैस की खपत और भी ज्यादा हो जाती है.
3. बिरयानी: इस लिस्ट में अगला नाम बिरयानी का आता है. ये एक ऐसी डिश है जिसमें कई स्टेप्स शामिल होते हैं. पहले चावल को अलग पकाना पड़ता है, फिर मसाला तैयार करना होता है और आखिर में इसे दम पर रखना पड़ता है. इन सभी स्टेप्स में गैस लगातार जलती रहती है और इसे धीमी आंच पर काफी समय तक पकाना पड़ता है. इसी वजह से इसे बनाने में भी ज्यादा गैस खर्च होती है.
4. धीमी आंच पर बनने वाली ग्रेवी: कुछ सब्जियां और ग्रेवी जैसे दाल मखनी, कढ़ी, मटन करी का असली स्वाद तभी आता है जब इन्हें लंबे समय तक धीमी आंच पर पकाया जाए. धीमी आंच पर पकाने की वजह से गैस की खपत बढ़ जाती है, इसलिए ये डिशेज भी आपके सिलेंडर को जल्दी खत्म कर सकती हैं.
5. बार-बार बनने वाली चाय: भारतीय घरों में दिन में कई बार चाय बनाई जाती है. लोग सुबह, दोपहर, शाम और कभी-कभी मेहमानों के आने पर अलग-अलग समय पर चाय बनाते हैं. चाय ज्यादा बनती है इसलिए इसे बनाने में गैस की खपत भी ज्यादा होती है. हर बार गैस जलती है और अगर परिवार बड़ा हो तो चाय बनाना भी एलपीजी सिलेंडर जल्दी खत्म होने का एक कारण बन सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क