गर्मियों सभी घरों में दही की खपत बढ़ जाती है. दही न केवल तपती गर्मी से निजात दिलाता है, बल्कि खाने के स्वाद को भी दोगुना कर देता है. यूं तो बाजार में बहुत सारे ब्रांड्स के दही मिलते हैं, लेकिन घर के ताजे दही का स्वाद अलग ही होता है. ऐसे में सभी घर पर दही जमाने की कोशिश करते हैं. लेकिन कई बार दही ढंग से नहीं जमता है. अक्सर देखने को मिलता है कि या तो दही खट्टा हो जाता है, या फिर बहुत पतला जमता है. इसके साथ ही एक समस्या और देखने को मिलती है और वो है दही जमने के बाद उसके ऊपर दिखने वाला ट्रांसपेरेंट सा पानी होता है.
ये पानी देखने में अच्छी नहीं लगता और दही खाने का मन भी मार देता है. अगर आपके जमाए दही के साथ भी ऐसा होता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. ये कोई खराबी नहीं, बल्कि एक नेचुरल प्रोसेस है. आज हम आपको 4 ट्रिक्स बताएंगे, जिनकी मदद से आप दही के ऊपर दिखने वाले इस पानी से छुटकारा पा सकते हैं और हर बार गाढ़ा दही जमा सकते हैं. चलिए जानते हैं.
क्यों निकलता है दही के ऊपर पानी?
पहले जानते हैं कि आखिर ये ट्रांसपेरेंट पानी दही के ऊपर क्यों आता है. दरअसल, जब आप दूध में जामन डालते हैं, तो अच्छे बैक्टीरिया दूध की शुगर (लैक्टोज) को लैक्टिक एसिड में बदलते हैं. इससे दूध जमकर दही बन जाता है. लेकिन अगर दही का स्ट्रक्चर ज्यादा टाइट हो जाए, तो उसमें से पानी अलग हो जाता है. इसी पानी को व्हे कहते हैं. अगर आप सोचते हैं कि ये पानी खराब है और आपका दही भी खराब जमा है तो आप गलत हैं. ये पानी हेल्दी होता है इसमें प्रोटीन, कैल्शियम और गुड बैक्टीरिया होते हैं. बस ये दही के लुक और टेक्शचर को थोड़ा खराब कर देता है.
गाढ़ा और थक्केदार दही जमाने के टिप्स:
1. फुल-फैट दूध का इस्तेमाल करें: अगर आप गाढ़ा दही जमाना चाहते हैं, तो हमेशा फुल-फैट दूध से ही जमाएं. इसमें फैट ज्यादा होता है, जिससे दही अच्छी तरह सेट होता है. वहीं टोंड से दही पतला जमता है और ऊपर पानी छोड़ने लगता है.
2. जामन सही मात्रा में डालें: बहुत से लोग सोचते हैं कि ज्यादा जामन डालने से दही ज्यादा अच्छे से जमता है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. ज्यादा जामन डालने से दही जल्दी जमती जरूर है, लेकिन ज्यादा खट्टा होकर पानी छोड़ देता है. ऐसे में जामन हमेशा दूध के हिसाब से डालना चाहिए. अगर आप 500 ml दूध का दही जमा रहे हैं, तो उसमें सिर्फ 1/4 से 1/2 छोटी चम्मच जामन डालें और इसे दूध में अच्छे से फेंट लें, ताकि दही स्मूद बने.
3. सही तापमान रखें: दही जमाने के लिए सही तापमान बहुत जरूरी है. दही जमने के लिए लगभग 30°C से 40°C होना तापमान होना चाहिए. ठंड में बर्तन को कपड़े में लपेटकर या बंद ओवन/माइक्रोवेव में रख सकते हैं, जबकि ज्यादा गर्मी में दही जल्दी खट्टा होकर पानी छोड़ सकता है.
4. जामन डालने का सही तापमान: दूध में जामन डालते समय ध्यान रखें कि दूध न ज्यादा गरम हो और न ठंडा. दही जमाने के लिए हल्का गुनगुना दूध सबसे सही होता है. साथ ही दही जमने के बाद उसे हिलाएं या झटका न दें, वरना उसका स्ट्रक्चर बिगड़कर पानी अलग हो सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क