खाने के साथ अगर दही मिल जाए तो उसका स्वाद दोगुना हो जाता है. खासतौर पर गर्मियों में. गर्मी के तपते मौसम में अगर खाने की थाली में ठंडा-ठंडा, गाढ़ा दही न हो, तो स्वाद कुछ अधूरा सा लगता है. गर्मी से निजात पाने के लिए लोग रायता और लस्सी पीते हैं, वहीं पराठों के साथ दही खाना हर घर की पहली पसंद होती है. ऐसे में घरों में रोजाना दही खाई ही जाती है. लेकिन अक्सर देखने को मिलता है कि या तो रात को दही जमाना भूल जाते हैं. इतना ही नहीं हर रोज बाजार से दही लाना भी बहुत से लोगों के लिए संभव नहीं है.
अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है कि आप दही जमाना भूल जाते हैं तो अब टेंशन छोड़ दें. क्योंकि आज हम आपको दही जमाने की एक वायरल ट्रिक बताने वाले हैं, जिसे अपनाकर आप सिर्फ और सिर्फ 15 मिनट में हलवाई जैसा गाढ़ा दही जमा सकते हैं. ये ट्रिक डेरी वाले भइया ने बताई है. चलिए जानते हैं कैसे बिना जामन सिर्फ 15 मिनट में जमाएं दही.
पहले दूध को करें सही तरीके से तैयार
दही जमाने के लिए सबसे पहले दूध को सही तरीके से तैयार करना जरूरी है. इसके लिए करीब आधा लीटर दूध लें. उसे 3–4 मिनट तक हल्का उबाल लें. ऐसा करने से दूध में मौजूद एक्स्ट्रा पानी खत्म हो जाता है, जिससे दही ज्यादा गाढ़ा जमेगा.
टिप: इस बात का ध्यान रखें कि दूध को ज्यादा उबालना नहीं है. बस इतना उबालना है जिससे हल्का गाढ़ापन आ जाए.
जामन अच्छे से मिलाएं: सबसे पहले दूध को उबालने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें, ताकि वो ज्यादा गर्म न रहे. अब इसमें थोड़ा सा दही (जामन) डालें और उसे अच्छी तरह मिला लें. ये दही जमाने का सबसे जरूरी प्रोसेस होता है.
मटकी या कुल्हड़ का करें इस्तेमाल: इस ट्रिक की खास बात है कि दही जमाने के लिए मटकी या कुल्हड़ का इस्तेमाल किया जाता है. इससे दही का स्वाद और गाढ़ापन दोनों बढ़ जाते हैं.
मटकी को पहले करें तैयार: मटकी में दही जमाने से पहले थोड़ी देर पानी में भिगो लें. इसके बाद मटकी के अंदर चारों तरफ जामन अच्छे से लगा दें और इसे 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. ऐसा करने से मटकी एक्स्ट्रा पानी सोख लेती है, जिससे दही ज्यादा गाढ़ा जमता है.
अब डालें दूध और करें सेट: अब तैयार दूध को मटकी में डाल दें. ऊपर से थोड़ा सा जामन और डाल सकते हैं, इससे दही जल्दी जमता है.
कुकर वाला जुगाड़ करेगा कमाल: अब मटकी को फॉइल से ढककर कुकर में रख दें. कुकर में थोड़ा पानी डालें और मटकी को अंदर रखें. ढक्कन बंद करें लेकिन सीटी हटा दें. इसे 15 मिनट तक हल्की आंच पर रखें. कुकर की हल्की गर्मी दही जमने के प्रोसेस को तेज कर देता है.
15 मिनट बाद गैस बंद करें और मटकी को बाहर निकाल लें. इसे 5 मिनट ठंडा होने दें, फिर खोलकर देखें. आपका गाढ़ा और मलाईदार दही तैयार होगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क