एक नई स्टडी की रिपोर्ट में सामने आया है कि टमाटर का अधिक सेवन करने से लिवर कैंसर होने का खतरा कम होता है. ये नई स्टडी चूहों पर की गई है. स्टडी की रिपोर्ट के मुताबिक, टमाटर में लाइकोपीन नाम का एंटीऑक्सीडेंट, एंटी इंफ्लामेट्री और कैंसर को नष्ट करने वाले गुण पाए जाते हैं. टमाटर में मौजूद इन सभी चीजों से लिवर की सूजन, कैंसर का खतरा और अन्य समस्याएं खत्म होती हैं.
यू.एस की टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर Xiang-Dong Wang ने बताया, कच्चे टमाटर के साथ टमाटर की सॉस, केचअप, जूस और टमाटर से बने प्रोडकट्स में लाइकोपीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है.
उन्होंने आगे बताया, स्टडी के दौरान हमने ये भी पाया कि लिवर कैंसर से सुरक्षित रखने में टमाटर का पाउडर बहुत अहम भूमिका निभाता है. उनके मुताबिक, कच्चे टमाटर में विटामिन-ई, विटामिन-सी, फोलेट, मिनरल्स, फिनोलिक कंपाउंड और डायट्री फाइबर पाए जाते हैं.
इस स्टडी को कैंसर प्रिवेंशन रिसर्च जर्नल में प्रकाशित किया गया है. स्टडी में बताया गया है कि चूहों को टमाटर का पाउडर खिलाने से शरीर में सूजन पैदा करने वाले बैक्टीरिया की ग्रोथ नियंत्रण में रही. स्टडी में शामिल चूहों को लिवर कार्सिनोजेन से संक्रमित किया गया. इसके बाद उन्हें हाई फैट डाइट दी गई थी.
बता दें, टमाटर के अलावा अमरूद, तरबूज, पपीते में भी लाइकोपीन पाया जाता है. लेकिन टमाटर के मुकाबले इन चीजों में लाइकोपीन की मात्रा कम होती है. लाइकोपीन से भरपूर टमाटर और टमाटर से बनी चीजें जैसे टोमेटो सॉस को खाने से भी हृदय रोग, ऑस्टियोपोरोसिस, डायबिटीज, फेफड़े, स्तन और पेट आदि कैंसर का खतरा कम होता है.
aajtak.in