Dhaba Style Egg Curry Recipe: ढाबा स्टाइल अंडा करी एक ऐसी डिश है जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. अंडा करी तो हर घर में बनती है, लेकिन ढाबे जैसी ग्रेवी और अंडों का वह कुरकुरापन लाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. अक्सर लोग सोचते हैं कि घर पर वह ढाबे जैसा गाढ़ा मसाला और लाजवाब स्वाद घर पर क्यों नहीं आता? आपकी इसी मुश्किल का हल हमने एक हलवाई अंकल से जाना जिन्होंने घर के किचन में ही प्रोफेशनल तरीके से अंडा करी बनाने का तरीका बताया. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले और भूनने का तरीका बिल्कुल वही है, जो बड़े होटलों और ढाबों में इस्तेमाल किया जाता है.
हलवाई अंकल बताते हैं कि असली अंडा करी के स्वाद की शुरुआत अंडे को फ्राई करने से होती है. अक्सर लोग अंडों को हल्का ही भूनते हैं लेकिन ढाबा स्टाइल के लिए इन्हें तब तक फ्राई करना चाहिए जब तक कि वे गहरे सुनहरे या लाल न हो जाएं. इससे अंडों की बाहरी परत क्रिस्पी हो जाती है और वे ग्रेवी के साथ मिलकर बेहतरीन स्वाद देती है.
ग्रेवी तैयार करने के लिए अंकल ने बताया कि करीब आधा किलो प्याज के लिए 150 ग्राम तेल का इस्तेमाल करें ताकि रंग और टेस्ट बरकरार रहे. इस रेसिपी का सबसे बड़ा सीक्रेट प्याज को भूनने का समय है. प्याज को लगभग 15 मिनट तक धीमी आंच पर तब तक भूना जाता है जब तक वह पूरी तरह ब्राउन न हो जाए. इसके बाद इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डाला जाता है, जो ग्रेवी को तीखापन और खुशबू देता है.
मसालों की बात करें तो हल्दी, धनिया पाउडर और गरम मसाले के साथ देगी मिर्च का इस्तेमाल करें. यह मिर्च तीखी कम होती है लेकिन ग्रेवी को वह गहरा लाल रंग देती है जो ढाबों की पहचान है. साथ ही, उबले हुए टमाटरों की प्यूरी डालने से ग्रेवी में वो गाढ़ापन आता है जो अक्सर घर की करी में मिसिंग होता है.
आखिरी में कसूरी मेथी का एक तड़का और थोड़ा सा पानी मिलाकर ग्रेवी को अंडों के साथ पकाया जाता है. बस 5-10 मिनट की मेहनत के बाद आपकी गरमा-गरम ढाबा स्टाइल अंडा करी तैयार है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क