कर्नाटक के धारवाड़ में एक यूथ कांग्रेस नेता की कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसके घर में घुसकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान फिरोज पठान (32) के रूप में हुई है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. यह घटना शुक्रवार देर रात मालापुर इलाके में उनके घर पर हुई, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई.
पुलिस ने बताया कि चार अज्ञात हमलावर उनके घर में घुस आए और उन पर जानलेवा हथियारों से हमला कर दिया. शहर के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि जब पठान रात 9:30 बजे से 10 बजे के बीच घर पर थे, तो करीब तीन-चार लोग वहां आए और उन पर हमला कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार हमले के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
पत्रकारों से कहा, "हमें संदिग्धों के बारे में कुछ सुराग मिल गए हैं, और हमारे अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी तलाश में लगाया गया है. आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं." राजनीतिक रंजिश या पुरानी दुश्मनी की खबरों, और क्या परिवार ने ऐसे किसी पहलू का ज़िक्र किया था, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारी ने कहा, "नहीं. मैंने उनकी मां और बहन से बात की है. वे बस यही कह रही हैं कि जिसने भी यह हरकत की है, उसे सज़ा मिलनी चाहिए."
कमिश्नर ने कहा, "हमने अभी तक उनसे विस्तृत जानकारी नहीं ली है. अभी परिवार के सदस्य और उनके समुदाय के कई नेता यहां जमा हुए हैं. वे शिकायत दर्ज कराएंगे और हम एक व्यापक जांच करेंगे. इस घटना में जो भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होगा, उसे जांच के दौरान कानून के दायरे में लाया जाएगा."
"अगर कोई घर में घुसकर हमला करता है, तो यह इस बात का संकेत है कि इसकी योजना संगठित तरीके से बनाई गई हो सकती है. हम यह पता लगाने के लिए गहन जांच करेंगे कि इसकी योजना किसने बनाई और इसे किसने अंजाम दिया." उन्होंने आगे कहा, "जांच पूरी तरह से की जाएगी और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों."
फिलहाल घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी घटना आस-पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है. जिससे जांच के लिए अहम सुराग मिले हैं. सूचना मिलते ही सब-अर्बन पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की असली वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है.
15 दिन पहले हुई थी शादी
परिवार के अनुसार पठान की शादी को अभी करीब 15 दिन ही हुए थे और घटना के समय वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था. उसकी मां ने बताया कि करीब चार-पांच लोग मौके पर आए और पठान के पास पहुंचे. इसके बाद वह भागकर घर के अंदर चला गया और दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया. हालांकि, हमलावरों ने दरवाज़ा तोड़ दिया और चाकू लेकर घर में घुस गए.
परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पठान पर हमला किया और घर में मौजूद अन्य लोगों पर भी. जिनमें एक महिला भी शामिल थी. हमलावरों के हाथ जो भी चीज़ लगी, उसी से हमला किया. वे घर से दो मोबाइल फ़ोन भी अपने साथ ले गए.
aajtak.in