DK शिवकुमार के करीबी विधायक के घर पर ED की रेड, करोड़ों के बिटकॉइन केस से जुड़ा है मामला

बेंगलुरु में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बिटकॉइन घोटाले के सिलसिले में बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी की टीम ने डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के करीबी कांग्रेस विधायक एन.ए. हैरिस के बेटे मोहम्मद नलपाड के ठिकानों पर छापेमारी की. यह मामला करीब 6 साल पहले हुई 4.5 करोड़ रुपये की संदिग्ध बिटकॉइन डील से जुड़ा है, जिसके तार हैकर श्रीकी से जुडे़ हैं. फिलहाल 12 ठिकानों पर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच जारी है.

Advertisement
हैकर श्रीकी से जुड़े तार, ED खंगाल रही है दस्तावेज (File Photo) हैकर श्रीकी से जुड़े तार, ED खंगाल रही है दस्तावेज (File Photo)

सगाय राज

  • बेंगलुरु ,
  • 20 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:22 PM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को बेंगलुरु में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की. जांच एजेंसी की टीम कांग्रेस विधायक एन.ए. हैरिस के बेटे मोहम्मद नलपाड के घर और उनसे जुड़े दफ्तरों पर पहुंची. बता दें कि विधायक एन.ए. हैरिस को डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार का बेहद करीबी माना जाता है. सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में ED के अधिकारियों ने घर में मौजूद कागजों और कंप्यूटर के रिकॉर्ड्स को बारीकी से चेक किया. जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कथित बिटकॉइन स्कैम से जुड़ी हुई है.

Advertisement

यह मामला करीब छह साल पुराना है, जिसमें जांच एजेंसी को ₹4.5 करोड़ के एक संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली है. जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि क्या इस लेनदेन का संबंध बिटकॉइन मामले से है. गौरतलब है कि इस केस में जून 2024 में CID की SIT ने मोहम्मद नलपाड से लंबी पूछताछ की थी. उसी पूछताछ के दौरान मिले इनपुट्स के आधार पर अब ED यह जांच कर रही है कि क्या इस पूरे लेनदेन में मनी लॉन्ड्रिंग की गई थी.

हैकर से जुड़े तार और 12 ठिकानों पर एक साथ जांच

जांच के दौरान श्रीकी नाम के एक हैकर का जिक्र भी प्रमुखता से सामने आया है. आरोप है कि श्रीकी ने साल 2017 में दुबई के एक क्रिप्टो एक्सचेंज को हैक किया था. जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि हैक किए गए बिटकॉइन अलग-अलग चैनलों के जरिए ट्रांसफर किए गए थे. अब ED इस बात का पता लगा रही है कि क्या मोहम्मद नलपाड और उनके करीबियों से जुड़े लिंक भी उसी कड़ी का हिस्सा हैं. इसी वजह से विधायक और उनके बेटों से जुड़े परिसरों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया.

Advertisement

इस मामले का दायरा विधायक के परिवार के अलावा अन्य पावरफुल लोगों तक भी पहुंचा है. पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पोते हकीब खान के जयनगर स्थित आवास पर भी ED की टीम ने तलाशी ली. उनके बैंक खातों में कुछ संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद यह कदम उठाया गया. जांच के दौरान अधिकारी बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन डिटेल्स को बारीकी से खंगाल रहे हैं ताकि पैसों के इस खेल का सच सामने आ सके.

गौरतलब है कि इस केस की शुरुआती जांच बेंगलुरु पुलिस की CCB और बाद में CID ने की थी. अब ED उन्हीं आधिकारिक रिकॉर्ड्स और इनपुट को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई कर रही है. शहर में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ यह छापेमारी की गई, जहां अधिकारी कंप्यूटर डेटा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और एजेंसी इस पूरे 'मनी ट्रेल' को जोड़ने की कोशिश कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement