बेंगलुरु पुलिस ने सोमवार को बताया कि कुछ बदमाशों ने एक आदमी को किडनैप कर लिया. यह किडनैपिंग उस वक्त हुई, जब व्यक्ति अपनी कार से जा रहा था. तभी बदमाशों ने उसकी कार रोकी और उस पर कोई चीज़ स्प्रे कर दी. एक एजेंसी के मुताबिक पीड़ित की पहचान गोपाल उर्फ गोपी के तौर पर हुई है, जो बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके अनेकल तालुक के होन्नाकलासपुरा गांव का रहने वाला है. वह रियल एस्टेट और फाइनेंशियल बिजनेस से जुड़ा है.
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार को अनेकल तालुक के कर्पूर गेट के पास हुई. गोपाल और उसका दोस्त सतीश कार में अट्टीबेले से अनेकल की ओर जा रहे थे, तभी कर्पूर के पास यह घटना हुई. हमलावरों ने पहले से ही किडनैपिंग की योजना बनाई थी. ऐसे में बदमाशों ने कार को रोकने के लिए दूसरी गाड़ी से टक्कर मार दी.
यह भी पढ़ें: वो चीखी- चिल्लाई तो दौड़ा होमगार्ड... महिला को ई-रिक्शा में खींचकर ले जा रहे थे किडनैपर
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बदमाशों ने गोपाल पर कोई चीज़ स्प्रे कर दी और उसे जबरन किडनैप कर लिया. फिर दूसरी कार में मौके से भाग गए. सतीश, जिस पर भी किडनैपरों ने स्प्रे किया था, किसी तरह गोपाल के परिवार वालों को घटना के बारे में बताने में कामयाब रहा. परिवार ने बाद में पुलिस को बताया.
शिकायत के बाद अनेकल पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस ने कार को रोकने के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ी को ज़ब्त कर लिया है. पुलिस ने बताया कि किडनैप करने वालों का पता लगाने और पीड़ित को बचाने की कोशिशें जारी हैं.
aajtak.in