भारत में वंदे भारत ट्रेन, गतिमान एक्सप्रेस और नमो भारत जैसी ट्रेनों ने दूरियों को काफी कम कर दिया है. 150 से भी तेज स्पीड से चलने वाली इन ट्रेनों से अब लोग आसानी से और काफी जल्दी अपनी मंजिल तक पहुंच जा रहे हैं. भारत की इन ट्रेनों की स्पीड के बारे में तो आप जानते होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर पड़ोसी देश पाकिस्तान में ट्रेनों का क्या हाल है. तो जानते हैं भारत के साथ ही आजाद हुए पाकिस्तान में सबसे तेज चलने वाली ट्रेन कौनसी है? क्या उनके यहां भी भारत की वंदे भारत जैसी कोई हाइटेक ट्रेन है?
पाकिस्तान का रेलवे नेटवर्क भारत के मुकाबले काफी कमजोर है. पाकिस्तान में रेलवे नेटवर्क करीब 7,700–7,800 किलोमीटर लंबा है. इसे पाकिस्तान रेलवे ऑपरेट करता है. जबकि भारत का नेटवर्क 68 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी में फैला है यानी ये पाकिस्तान से 8-9 गुना बड़ा है.
सबसे तेज चलने वाली ट्रेन कौन सी है?
पाकिस्तान के रेलवे ट्रैक और वहां की ट्रेन अभी एडवांस नहीं है. डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में एक्सप्रेस ट्रेन की औसत स्पीड 60-70 किलोमाटर प्रति घंटा है जबकि लाहौर-रावलपिंडी रूट पर 65 किलोमीटर प्रति घंटा है. इससे ज्यादा पाकिस्तान में रेलवे का सिस्टम नहीं है. अगर पाकिस्तान की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन की बात करें तो उसमें काराकोरम एक्सप्रेस का नाम आता है. इस ट्रेन की सबसे हाईस्पीड 105 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो भारतीय हाई स्पीड ट्रेनों से काफी कम है. यानी अभी पाकिस्तानी हाईस्पीड ट्रेनों की रेस में काफी पीछे है.
काराकोरम एक्सप्रेस ट्रेन कराची से लाहौर के बीच चलती है. पाकिस्तान के मौजूदा रेल नेटवर्क में यही स्पीड रेंज सबसे ऊंची मानी जाती है. हालांकि तकनीकी रूप से पाकिस्तान के कई ट्रैक सेक्शन पर अधिकतम स्पीड 120 किमी/घंटा तक संभव है, लेकिन ज्यादातर ट्रेनें इससे कम स्पीड पर ही चलती हैं. इसके अलावा पाकिस्तान में एक और ट्रेन है, जिसका नाम ग्रीन लाइन एक्सप्रेस है और उसकी गिनती भी पाकिस्तान की सबसे तेज और मॉडर्न ट्रेन में की जाती है. ये अपने एडवांस कोच और कम स्टॉप के लिए जानी जाती है, जो कराची से लाहौर 13 घंटे में पहुंचती है.
वंदे भारत की कितनी है स्पीड?
अगर वंदे भारत ट्रेन की बात करें तो इसे 183 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड के लिए तैयार किया गया है. वहीं, अभी तक इसकी मैक्सिमम स्पीड तक रही है और आमतौर पर उसे 130 की स्पीड से ऑपरेट किया जाता है. ये ट्रेन कुछ ही सेकेंड्स में 100 की स्पीड पकड़ लेती है. इसके अलावा भारत बुलेट ट्रेन जैसी ट्रेनों पर भी काम कर रहा है और जल्द ही वो भी पटरी पर दौड़ती दिखाई देंगी.
aajtak.in