उत्तराखंड: स्कूटी से टकराया हाथी, टूट गए दांत, स्कूल टीचर की कहानी ने सबको चौंकाया

उत्तराखंड के खटीमा में एक महिला शिक्षिका की स्कूटी जंगल से निकले हाथी से टकरा गई. हादसे में हाथी का एक दांत टूटकर तीन टुकड़ों में बंट गया, जबकि महिला घायल हो गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वन विभाग हाथी की तलाश में जंगल में कैमरे लगाकर निगरानी कर रहा है.

Advertisement
खटीमा में स्कूटी से टकराने पर हाथी का दांत टूटा. (Photo: Screengrab) खटीमा में स्कूटी से टकराने पर हाथी का दांत टूटा. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • खटीमा,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:03 PM IST

उत्तराखंड के खटीमा से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. आमतौर पर हाथी के हमले और उसकी चिंघाड़ से इंसानों के घायल होने या जान जाने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन इस बार कहानी बिल्कुल अलग है. यहां एक महिला की स्कूटी से टक्कर के बाद हाथी का दांत टूट गया. घायल महिला और सड़क पर टूटे हाथी के दांत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

Advertisement

घायल महिला की पहचान निकिता कापड़ी के रूप में हुई है, जो खटीमा के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं. उनकी शादी अभी दो महीने पहले ही हुई थी. घटना के समय वह अपने मायके से लौट रही थीं. जानकारी के अनुसार सुबह के समय अचानक जंगल से एक हाथी सड़क पर आ गया. उसी दौरान सामने से स्कूटी पर आ रही निकिता की हाथी से टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि हाथी का दांत स्कूटी में फंस गया और इसी दौरान उसका दांत टूट गया.

जंगल से अचानक सड़क पर आया हाथी

निकिता कापड़ी ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना याद है कि अचानक सामने हाथी आ गया था और टक्कर के बाद वह गिरकर बेहोश हो गईं. इसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा. हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने घायल महिला को संभाला और अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है.

Advertisement

इस घटना के बाद लोग महिला की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं. हालांकि लोग यह भी कह रहे हैं कि अगर हाथी ज्यादा आक्रामक हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के तुरंत बाद किसी ने घायल महिला और टूटे हाथी के दांत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया.

वन विभाग ने हाथी की तलाश में जंगल में लगाए कैमरे

जिस निजी स्कूल में निकिता शिक्षिका हैं, उसके प्रबंधन ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. स्कूल के एमडी नीरज खन्ना ने कहा कि लोग लगातार फोन कर घटना की जानकारी ले रहे हैं और इस पूरी घटना पर हैरानी जता रहे हैं. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी ने गुस्से में स्कूटी पर हमला किया होगा, जिसके दौरान उसका दांत टूट गया. रेंजर हरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि हाथी घायल नहीं है, लेकिन उसका दांत जरूर टूटा है. वन विभाग ने हाथी को ट्रेस करने के लिए जंगल में कैमरे लगाए हैं. अधिकारियों का कहना है कि हाथी का पता लगाकर उसका इलाज कराया जाएगा.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- राजेश छाबड़ा

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement