तेलंगाना के जगित्याल जिले में एक 20 साल की गर्भवती यूट्यूबर की हत्या का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
खून से सना मिला महिला यूट्यूबर का शव
मृतका की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उसका शव मंगलवार को उसके मायके, माधापुर गांव में संदिग्ध हालत में पाया गया. परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
कोरुतला थाना क्षेत्र के निरीक्षक सुरेश के मुताबिक, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका के पिता एस.आर. दुर्गाप्रसाद की शिकायत के आधार पर पति चित्तारी हरिप्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गला दबाकर हत्या और फिर चेहरे पर कई वार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर पहले गला दबाकर हत्या की और फिर चेहरे पर वार किया. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि वैष्णवी और हरिप्रसाद की शादी करीब दस महीने पहले हुई थी. मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने पति के साथ-साथ उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
दहेज प्रताड़ना का आरोप
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप है. साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में आरोपी के परिवार के अन्य सदस्यों की कोई भूमिका तो नहीं रही.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों को सजा मिल सके.
aajtak.in