पश्चिम बंगाल में सियासी उठापटक जारी है. बंगाल में चुनाव हारने के बाद बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा. मुकुल रॉय बीजेपी से निकलकर फिर से टीएमसी में शामिल हो गए हैं. मुकुल रॉय अपने बेटे शुभ्रांशु के साथ टीएमसी में वापस चले गए. सीएम ममता बनर्जी, सांसद अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में दोनों ने टीएमसी ज्वॉइन कर ली. इस बीच अब मुकुल रॉय शनिवार को अभिषेक बनर्जी से मिलने उनके दफ्तर पहुंचे हैं.
औपचारिक रूप से पार्टी में दोबारा शामिल होने के एक दिन बाद टीएमसी नेता मुकुल रॉय नवनियुक्त पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी से उनके दक्षिण कोलकाता कार्यालय में मुलाकात करने पहुंचे.
वहीं सीनियर बीजेपी नेता तथागत रॉय ने मुकुल रॉय को "ट्रोजन हॉर्स" बताते हुए कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए पार्टी में घुसपैठ की थी. तथागत रॉय का ये बयान मुकुल रॉय के टीएमसी में शामिल होने के एक दिन बाद आया है.
तथागत रॉय ने आरोप लगाया कि बीजेपी में आने के बाद मुकुल ने बड़े नेताओं तक पहुंच बनाई और बंगाल बीजेपी के भोले-भाले नेताओं, पार्टी व उसकी डिटेल जानी. अब जब वह वापस गए तो ममता को सब कुछ बता दिया. लेकिन अब बड़ा सवाल यह है कि क्या मुकुल ने अपने पीछे पार्टी में कोई और भी 'ट्रोजन हॉर्स' छोड़ दिया है?
आपको बता दें कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में टीएमसी ने मुकुल रॉय को 6 साल के लिए बाहर कर दिया था. TMC में मुकुल रॉय का कद कभी ममता बनर्जी के बाद दूसरे नंबर का हुआ करता था.
उन्होंने टीएमसी छोड़ी तो बीजेपी का दामन थाम लिया, वे 1998 से ही बंगाल की राजनीति में हैं. मुकुल रॉय का नाम नारदा स्टिंग केस में भी आया था. हालांकि, अब वह फिर से ममता की पार्टी में शामिल हो गए हैं. ममता ने कहा है कि मुकुल पार्टी में वही काम करेंगे जो पहले करते थे.
इंद्रजीत कुंडू