कोरोना संकट के बीच आंध्र प्रदेश के विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है. राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राजभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना अभिभाषण पढ़ा है. वहीं, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा के सदन पहुंचकर भाग लिया. कोरोना संकट काल में देश के किसी राज्य में पहली बार विधानसभा सत्र का संचालन हुआ है. महामारी के मद्देनजर विधायक और एमएलसी सोशल डिस्टेंस के साथ सदन में बैठे हैं.
आंध्र प्रदेश के विधानसभा का संयुक्त सत्र तीन दिन के लिए बुलाया गया है. कोरोना के चलते विधानसभा सत्र में आगंतुकों को शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है. विधानसभा के बजट सत्र को कवर करने के लिए महज 20 पत्रकारों को ही इजाजत मिली है. विधानसभा सत्र की शुरुआत से पहले ही दोनों सदनों को पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया.
ये भी पढ़ें: ESI घोटाला में आंध्र प्रदेश के TDP के शीर्ष नेता और विधायक नायडू गिरफ्तार
विधानसभा सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ है. इसके बाद सदन में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी, जिसमें एजेंडे पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद सदन के दूसरे दिन 17 जून को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा और उस पर चर्चा होगी. वित्त मंत्री बी राजेंद्रनाथ 2020-21 के लिए पूर्ण बजट पेश करेंगे. वहीं, 18 जून को बजट को विधान परिषद में पेश किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: सोनिया की PM मोदी को चिट्ठी- कोरोना संकट में जा रहीं नौकरियां, वापस लें पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम
बता दें कि आंध्र प्रदेश में विधानमंडल का बजट सत्र आम तौर पर हर साल फरवरी-मार्च में होता है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण सरकार ने आंध्र प्रदेश विनियोग अध्यादेश, 2020 28 मार्च को जारी किया था. इसकी अवधि 30 जून को समाप्त हो रही है. इसीलिए सरकार ने विधानसभा का संयुक्त सत्र तीन दिन के लिए बुलाया है.
आशीष पांडेय